तीन महीने के बकाया वेतन, वेतन कटौती की जांच और नौकरी की सुरक्षा समेत कई मांगों को लेकर 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं कर्मी, सीएम आवास घेराव की दी चेतावनी।
रांची: झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी कड़ाके की ठंड और बारिश के बीच भी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। शनिवार की रात राजधानी रांची में खराब मौसम के बावजूद 108 एंबुलेंस कर्मी एनएचएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे।
दरअसल, 108 एंबुलेंस कर्मचारी 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में तीन महीने का बकाया वेतन भुगतान, वेतन कटौती की जांच और नौकरी की सुरक्षा शामिल है। इसके अलावा कर्मचारी सम्मान फाउंडेशन कंपनी को हटाने की मांग भी कर रहे हैं।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।वहीं, एंबुलेंस सेवा ठप होने से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। मरीजों और उनके परिजनों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आपात स्थिति में लोगों को ऑटो या निजी एंबुलेंस का सहारा लेना पड़ रहा है।
अब देखना होगा कि सरकार और संबंधित विभाग कर्मचारियों की मांगों पर क्या कदम उठाते हैं और राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा कब तक सामान्य हो पाती है।


