-अचानक हुई छापेमारी से यात्रियों में मचा हड़कंप, पकड़े गए लोगों में महिलाएं व छात्राएं भी शामिल
अररिया (फारबिसगंज)। बिना टिकट रेल यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अररिया जिले के फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर चार घंटे तक सघन टिकट जांच अभियान चलाया। रेल मजिस्ट्रेट गौरव कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस औचक अभियान से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान दो ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर की गई जांच में 150 से अधिक यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। पकड़े गए सभी बेटिकट यात्रियों से प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये के हिसाब से जुर्माना वसूला गया।
मोबाइल और जेब टटोलते रह गए यात्री
अभियान के दौरान जैसे ही रेलवे की जांच टीम अचानक ट्रेनों के डिब्बों और प्लेटफॉर्म पर पहुंची, बिना टिकट सफर कर रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री हड़बड़ी में अपने मोबाइल फोन और जेब में टिकट तलाशने का बहाना बनाते दिखे, लेकिन टिकट नहीं दिखा पाने पर टीम ने उन्हें पकड़ लिया। हैरानी की बात यह रही कि बेटिकट पकड़े गए लोगों में बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं भी शामिल थीं।
राजस्व बढ़ाने और बेटिकट यात्रा पर लगाम लगाने की कवायद
इस संबंध में रेल मजिस्ट्रेट गौरव कुमार सिंह ने बताया कि जांच अभियान के दौरान करीब 200 बेटिकट यात्रियों को पकड़ने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं है, बल्कि ऐसे अभियानों के माध्यम से यात्रियों को वैध टिकट लेकर सफर करने के प्रति जागरूक करना है। इससे टिकटों की बिक्री बढ़ेगी और रेलवे के राजस्व में भी इजाफा होगा।
नियमित रूप से जारी रहेगा जांच अभियान
फारबिसगंज के स्टेशन प्रबंधक नवीन कुमार ने इस कार्रवाई को बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि इससे अवैध रूप से यात्रा करने वालों पर अंकुश लगेगा। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक टिकट जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। बहरहाल, चार घंटे तक चली इस सख्त कार्रवाई ने यात्रियों को साफ संदेश दे दिया है कि बिना टिकट ट्रेन में सफर करना अब उनकी जेब पर भारी पड़ सकता है।


