-अस्पताल में दवा व इंजेक्शन की किल्लत पर भड़के लोग, बाहर से दवा खरीदने को मजबूर परिजन
मैथन (धनबाद)। मैथन और आसपास के इलाकों में इन दिनों एक जंगली सियार का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। पागल सियार ने हमला कर अब तक करीब 20 लोगों को लहूलुहान कर दिया है। सभी घायलों को इलाज के लिए डीवीसी के बीपी नियोगी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अस्पताल में समुचित इलाज और एंटी-रेबीज इंजेक्शन व जरूरी दवाइयों की कमी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
अस्पताल की अव्यवस्था पर समाजसेवी ने उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी रंजीत महतो बीपी नियोगी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतने बड़े हादसे के बावजूद अस्पताल में जीवनरक्षक दवाइयां और इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हैं। मजबूरन गरीब परिजनों को बाहर की दुकानों से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
अंधेरे का फायदा उठाकर हमला कर रहा सियार
रंजीत महतो ने डीवीसी की बुनियादी व्यवस्थाओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मैथन के कई रिहायशी इलाकों में स्ट्रीट लाइट खराब होने के कारण शाम ढलते ही अंधेरा पसर जाता है, जिसका फायदा उठाकर जंगली जानवर लोगों पर हमला कर रहे हैं। प्रशासन और प्रबंधन आम जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
वन विभाग से सियार को जल्द पकड़ने की मांग
स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों ने वन विभाग तथा जिला प्रशासन से अविलंब रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आदमखोर सियार को पकड़ने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सियार को काबू में नहीं किया गया और अस्पताल की व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।


