पटना: बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार लोगों की संदिग्ध मौत के बाद माहौल गमगीन है। घटना की जानकारी लेने और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे मोकामा विधायक अनंत सिंह भी इस दौरान भावुक हो गए। परिवारों का दर्द देखकर उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
बेढ़ना गांव में पहुंचने के बाद अनंत सिंह ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उनकी पीड़ा सुनी। इस दौरान कई महिलाएं और बच्चे अपने परिजनों को खोने के गम में रोते नजर आए। परिवारों की स्थिति देखकर विधायक खुद भी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके।
परिजनों से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने भरोसा दिलाया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिसने भी पाप किया है, उसे उसकी सजा जरूर मिलेगी। विधायक ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की बात भी कही।
शराब बिक्री को लेकर परिवारों ने उठाए सवाल
मुलाकात के दौरान कुछ पीड़ित परिवारों ने इलाके में खुलेआम शराब की बिक्री होने का आरोप लगाया। परिवारों का कहना था कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक नहीं लगने से ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस मुद्दे को लेकर भी विधायक ने लोगों की बातें सुनीं।
चार मौतों से मचा हड़कंप
बाढ़ थाना क्षेत्र में चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी लाली कुमार ने कथित तौर पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर चारों लोगों को पिलाने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आए इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है।
FSL रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस का कहना है कि शराब में वास्तव में कोई जहरीला पदार्थ मौजूद था या नहीं और उसी के सेवन से चारों की मौत हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि फोरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद बेढ़ना गांव में शोक का माहौल है। वहीं, पीड़ित परिवारों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।


