राजधानी रांची स्थित खेलगांव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कल यानी 3 सितंबर से भारतीय सेना की भर्ती रैली शुरू हो रही है, जो 15 सितंबर तक चलेगी. ARO रांची की ओर से इस भर्ती अभियान की पूरी रूपरेखा साझा की गई है, साथ ही अभ्यर्थियों को दलालों के झांसे में न आने की सख्त हिदायत दी गई है.
रैली दो चरणों में आयोजित होगी. पहले चरण में 3 और 4 सितंबर को टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट, सिपाही फार्मा, जूनियर कमीशंड ऑफिसर और हवलदार एजुकेशन जैसे पदों के लिए बहाली प्रक्रिया चलेगी. इसके बाद दूसरे चरण में 5 से 15 सितंबर तक अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों पर भर्ती होगी.
गौरतलब है कि इस रैली में केवल वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने जून में हुई लिखित परीक्षा पास कर रजिस्ट्रेशन कराया है. चयन प्रक्रिया में सबसे पहले फिजिकल टेस्ट लिया जाएगा, उसके बाद मेडिकल जांच होगी और अंतिम चयन पूरी तरह मेरिट लिस्ट पर निर्भर करेगा.
ARO रांची के निदेशक ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और अभ्यर्थियों को किसी भी बिचौलिए या दलाल के बहकावे में आने से बचना चाहिए.


