Friday, October 2

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब तीन अक्तूबर को स्वर्ण पदक के लिए भारत का सामना साहिबजादा फरहान की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम से होगा।

श्रीलंका पर सबसे बड़ी जीत

भारत ने 170 रन का लक्ष्य दिया था, जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर ढेर हो गई। 124 रन की यह जीत श्रीलंका के खिलाफ रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने 2017 में कटक में श्रीलंका को 93 रन से हराया था।

दो बिहारी बल्लेबाजों ने संभाली पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 169 रन बनाए। ईशान किशन ने 46 गेंद में चार चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंद में छह चौके और दो छक्के लगाकर 38 रन जोड़े। बाकी बल्लेबाजों में कप्तान श्रेयस अय्यर 13 रन बना सके, जबकि छह बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंचे। श्रीलंका की ओर से थारिंदु रत्नायके और कप्तान सहान अराचिगे ने दो-दो विकेट लिए।

श्रीलंका के छह बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका कभी मुकाबले में नहीं दिखी। उसके शीर्ष तीन बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके और कुल छह बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। सिर्फ नुवानिदु फर्नांडो 15 रन बनाकर दहाई के आंकड़े तक पहुंचे। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा को दो-दो विकेट मिले, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया। श्रीलंका के तीन खिलाड़ी रन आउट भी हुए।

पाकिस्तान पहले ही फाइनल में

इससे पहले पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराया था। बारिश के कारण 13-13 ओवर के हुए मैच में बांग्लादेश ने सात विकेट पर 111 रन बनाए। पाकिस्तान ने 112 रन का लक्ष्य 11.3 ओवर में हासिल कर लिया। हसन नवाज (नाबाद 27) और अब्दुल समद (नाबाद 30) ने 32 गेंद में 59 रन की नाबाद साझेदारी की।

दूसरी बार स्वर्ण पर नजर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम लगातार दूसरी बार स्वर्ण जीत चुकी है। अब पुरुष टीम भी खिताब बचाने उतरेगी। हांगझोउ में 2023 में ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई में भारत ने स्वर्ण पदक जीता था।

इसे भी पढ़े – झारखंड की सबसे बड़ी बैंक डकैती के बाद एक्शन मोड में पुलिस, बिरसानगर थाना प्रभारी को किया गया निलंबित

Share.
Next Story
जमीन की मापी के लिए मांगे 2 लाख और 4 डिसमिल जमीन, 50 हजार लेते अमीन गिरफ्तार
Exit mobile version