48 घंटे में दो महीने का बकाया वेतन देने पर सहमति, फरवरी 2025 से वेतन और ईपीएफ-ईएसआईसी कटौती की 30 दिनों में होगी जांच
रांची। झारखंड में पिछले पांच दिनों से जारी 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गयी. नामकुम स्थित स्वास्थ्य मुख्यालय के आरसीएच सभागार में स्वास्थ्य विभाग, वर्तमान संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन और झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता में कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी. इसके बाद संघ ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की. इस फैसले से राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा दोबारा सामान्य होने की उम्मीद है.
वार्ता में सबसे अहम फैसला वर्तमान संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन को दो महीने के भीतर हटाने का लिया गया. वहीं, कर्मचारियों के दो महीने के बकाया वेतन का भुगतान अगले 48 घंटे में करने पर सहमति बनी. फरवरी 2025 से अब तक वेतन, ईपीएफ और ईएसआईसी में हुई कटौती की जांच कर 30 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जायेगा.
मनमाने तरीके से नौकरी से नहीं निकाल सकेगी कंपनी
समझौते में कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गयी है. अब कंपनी अपनी मर्जी से किसी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाल सकेगी. किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत या लापरवाही का मामला आने पर राज्य एनएचएम टीम, संबंधित जिले के सिविल सर्जन और कर्मचारी संघ की सहभागिता में जांच होगी. जांच में दोषी पाये जाने पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. यह व्यवस्था 22 अक्टूबर 2026 को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव और संघ के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक की सहमति के अनुरूप होगी.
नई कंपनी में पुराने कर्मचारियों को मिलेगी प्राथमिकता
सम्मान फाउंडेशन को हटाने के बाद नई कंपनी का चयन किया जायेगा. इसमें वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को नौकरी में पुनर्बहाली के लिए पहली प्राथमिकता देने पर सहमति बनी है. वेतन भुगतान में पारदर्शिता के लिए एस्क्रो अकाउंट भी लागू होगा, जिससे स्वास्थ्य विभाग भुगतान की निगरानी कर सकेगा.
बैठक में तय हुआ कि एंबुलेंस खराब रहने या कर्मचारियों को केस नहीं मिलने पर उनका वेतन नहीं काटा जायेगा. कर्मचारियों को न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, अवकाश, जीवन बीमा और बोनस जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जायेंगी. सभी एंबुलेंस में बायोमेट्रिक डिवाइस लगेंगे. वहीं, एनएचएम की अनुमति के बिना कंपनी नये कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं कर सकेगी.
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि त्रिपक्षीय वार्ता में कर्मचारियों की सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है. कर्मचारियों के हित में लिये गये फैसलों के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया. उन्होंने आंदोलन में सहयोग के लिए राज्य सरकार, स्वास्थ्य विभाग, मीडिया, भारतीय मजदूर संघ और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार जताया.
बैठक में एनएचएम के प्रशासी पदाधिकारी केवल कृष्ण अग्रवाल, डॉ राजीव प्रसाद, डॉ अरविंद कुमार और अवनी प्रसाद सहित सम्मान फाउंडेशन के निदेशक सुमित बासु, योगेश कुमार और दीपक कुमार मौजूद थे. अब समझौते के तहत 48 घंटे में वेतन भुगतान और दो महीने में कंपनी बदलने के फैसले को लागू करना स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी चुनौती होगी.
