Sunday, November 22

IWWA का 59वां वार्षिक अधिवेशन में देश-विदेश के 1000 से अधिक प्रतिनिधि होंगे शामिल

रांची। जल संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में दुनिया भर में हो रहे नवीनतम शोध और तकनीकी नवाचारों का लाइव डेमोस्ट्रेशन अब रांची में देखने को मिलेगा. बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआइटी), मेसरा में 22 से 24 जनवरी 2027 तक इंडियन वॉटर वर्क्स एसोसिएशन (IWWA) का 59वां वार्षिक अधिवेशन आयोजित होगा. झारखंड में पहली बार होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देशभर के तकनीकी संस्थानों के 1000 से अधिक प्रतिनिधियों के अलावा मलेशिया, जर्मनी, जापान और सिंगापुर से भी प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. इस संबंध मेे आयोजन समिति के चेयरमैन ई. उमेश मेहता ने 22 नवंबर को पत्रकारों को बताया कि अधिवेशन के मुख्य अतिथि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे. वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने भी अपनी सहमति दे दी है. इसके अलावा जल जीवन मिशन के निदेशक केके साेन भी बतौर अतिथि शिरकत करेंगे.

उन्होंने बताया कि अधिवेशन का मुख्य विषय ‘सतत भविष्य के लिए नवाचार एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से स्मार्ट जल समाधान’ रखा गया है. आयोजन का प्रमुख आकर्षण 140 से अधिक तकनीकी स्टॉल होंगे. इनमें विभिन्न कंपनियां, उद्योग और तकनीकी संस्थान जल संरक्षण, जल शोधन, अपशिष्ट जल प्रबंधन और आधुनिक जल तकनीकों से जुड़े अपने शोध एवं नवाचार प्रदर्शित करेंगे. खास बात यह होगी कि जल संरक्षण के क्षेत्र में दुनिया भर में विकसित हो रही नई तकनीकों और शोध का लाइव डेमोस्ट्रेशन किया जाएगा. इससे प्रतिनिधियों को नई तकनीकों को प्रत्यक्ष देखने और उनकी उपयोगिता समझने का अवसर मिलेगा.

अधिवेशन में आइआइटी, एनआइटी समेत देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों के शोधकर्ता, अभियंता, शिक्षाविद् और विशेषज्ञ विभिन्न तकनीकी सत्रों में अपने शोध पत्र और अनुभव प्रस्तुत करेंगे. जलापूर्ति, जल संकट, जल शोधन, स्वच्छता और अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी.

आयोजन IWWA के रांची केंद्र और बीआइटी मेसरा के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है. अधिवेशन में होने वाली तकनीकी चर्चाओं और शोध के आधार पर महत्वपूर्ण सुझाव झारखंड सरकार को भी सौंपे जायेंगे, ताकि राज्य में जल प्रबंधन की व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाया जा सके. मौके पर इ प्रमोद कुमार, डॉ कीर्ति अभिषेक, डॉ सतीश कुमार, डॉ नरेंद्र यादव व डॉ अरविंद लाल भी मौजूद थे.

Share.
Next Story
अवैध अफीम की खेती रोकने के लिए ग्राम प्रधानों को मिला नोटिस
Exit mobile version