प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कांग्रेस पर संविधान और बाबा साहेब के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया, पत्रकारों की स्वतंत्रता और राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल।
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 26 नवंबर 2026 को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर झारखंड के सभी सांगठनिक जिलों में संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को सम्मान देने और संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2015 में संविधान दिवस मनाने की पहल की थी।
अमर बाउरी ने कहा कि पहले बाबा साहेब को मुख्य रूप से उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर याद किया जाता था, लेकिन अब संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए विशेष दिवस भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर के साथ झारखंड के सभी जिलों में भी इस कार्यक्रम का आयोजन होगा।
कांग्रेस पर संविधान संशोधन को लेकर लगाए आरोप
संवाददाता सम्मेलन में अमर बाउरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान लागू होने के बाद से ही कांग्रेस ने इसमें कई संशोधन किए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 1975 में तत्कालीन सरकार ने अपनी सत्ता बचाने के उद्देश्य से संविधान में बदलाव किए थे। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान की गरिमा और उसकी मूल भावना को संरक्षित करने का काम किया जा रहा है।
राज्य सरकार पर भी साधा निशाना
अमर बाउरी ने झारखंड की कानून-व्यवस्था और मौजूदा हालात पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में पत्रकारों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान गौरव दिवस पर आयोजित विशेष सत्र में शामिल नहीं हुई। जनजातीय गौरव दिवस पर हुई चर्चा का भी कांग्रेस ने बहिष्कार किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं को भी कटघरे में खड़ा कर रही है।
एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार
एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर भी अमर बाउरी ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने दावा किया कि देश में एसआईआर की प्रक्रिया पहले भी कई बार हो चुकी है और कांग्रेस के शासनकाल में भी यह प्रक्रिया अपनाई गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रियाओं और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम पैदा कर रही है।
बाउरी ने कहा कि बाबा साहेब देश में एक संविधान और एक व्यवस्था के पक्षधर थे। भारत में रहने वाले सभी नागरिक भारतीय हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण के लिए योजनाएं बना रही है।
धर्म और देश के विभाजन को लेकर भी कांग्रेस पर आरोप
अमर बाउरी ने देश के विभाजन का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत में संविधान लागू होने से पहले भी बौद्ध, जैन, सिख सहित विभिन्न धर्मों के लोग साथ रहते आए हैं। उनके अनुसार, कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति के कारण देश का विभाजन हुआ। संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, राफिया नाज सहित पार्टी के अन्य प्रदेश प्रवक्ता उपस्थित रहे।
