महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत की हैट्रिक, अगला मुकाबला 24 को चीन से होगा
रांची. झारखंड की बेटियों के दमदार प्रदर्शन के बूते भारतीय महिला हॉकी टीम का विजय अभियान लगातार जारी है। कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में और झारखंड की ही अनुभवी खिलाड़ी निक्की प्रधान व ब्यूटी डुंगडुंग के साथ से सजी भारतीय टीम ने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में थाईलैंड को 7-0 के बड़े अंतर से पराजित किया। भोपाल में चल रही इस प्रतियोगिता में यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार 12वीं जीत दर्ज कर नया कीर्तिमान रचा है। अगला मुकाबला 24 नवंबर को चीन के साथ होगा।
सलीमा की कप्तानी में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार 10वीं जीतः
भोपाल में भारतीय टीम ने मलेशिया को 4-1 और दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराने के बाद थाईलैंड को 7-0 से रौंदकर जीत की हैट्रिक पूरी की। सलीमा टेटे की कप्तानी में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की यह लगातार 10वीं जीत है। इससे पहले 2024 में राजगीर (बिहार) में आयोजित टूर्नामेंट में भी सलीमा की अगुवाई में भारत ने सभी सात मैच जीतकर खिताब जीता था। एशियन गेम्स और विश्व कप की जीत को मिलाकर भारतीय टीम लगातार 12 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीत चुकी है।
चार संस्करणों में कुल 18 जीतः
वर्ष 2021 से अब तक एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के चार संस्करणों में भारत कुल 18 मैच जीत चुका है। इसमें 2021 (डोंगहे) में एक जीत, 2023 (रांची) में सात जीत (चैंपियन), 2024 (राजगीर) में सात जीत (चैंपियन) और 2026 (भोपाल) में अब तक तीन जीत शामिल हैं। दो बार की डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम खिताबी हैट्रिक की ओर मजबूती से बढ़ रही है। टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने कप्तान सलीमा समेत पूरी टीम को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
टूर्नामेंट में भारत का अब तक का सफर
-
पहला मैच: मलेशिया को 4-1 से हराया।
- दूसरा मैच: दक्षिण कोरिया को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से मात दी।
-
तीसरा मैच: थाईलैंड को 7-0 से शिकस्त दी।
