-गुप्त सूचना पर बालूमाथ पुलिस व सीआईएसएफ की संयुक्त छापेमारी
बालूमाथ (लातेहार)। थाना क्षेत्र में अवैध कोयले के कारोबार के खिलाफ पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बुकरू स्थित हाही जंगल से करीब 60 टन अवैध कोयला जब्त किया है। जब्त कोयले को सीआईएसएफ की टीम अपने साथ ले गयी। इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, लातेहार एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हाही जंगल में अवैध रूप से भारी मात्रा में कोयला छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा व सीआईएसएफ के उप कमांडेंट के. के. वानखेम के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित कर जंगल में छापेमारी की गयी। अभियान के दौरान छिपाकर रखा गया कोयला बरामद हुआ।
एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और सीआईएसएफ की नियमित छापेमारी एवं जांच से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है। उन्होंने कहा है कि कीमत पर अवैध कोयला कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी टमटमटोला पेट्रोल पंप के समीप से संयुक्त टीम ने अवैध कोयला लदा एक ट्रक जब्त किया था।
