Sunday, November 22

रांची। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, कृषि, पशुपालन, आजीविका, स्वच्छता और सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला जारी है। रविवार को जिले की 305 ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। वहीं, विभिन्न प्रखंडों में 1216 बकरियों का टीकाकरण, किसानों के लिए मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण, महिलाओं को शेयर प्रमाणपत्र वितरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। दूसरी ओर, ऑड्रे हाउस में दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का नागपुरी गीत प्रतियोगिता के साथ समापन हुआ।

305 पंचायतों में स्वास्थ्य जांच शिविर

पंचायती राज विभाग के निर्देश पर जिले की 305 ग्राम पंचायतों में चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, मधुमेह और हीमोग्लोबिन की जांच की गई। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक परामर्श भी दिया गया। स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छ जीवनशैली को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।

जिले की सभी 18 पंचायत समितियों में पहान, मुंडा, परगनैत, मांझी, महतो सहित पारंपरिक पदधारकों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक अगुवाओं को प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और पुष्पमाला देकर सम्मानित किया।

किसानों को मधुमक्खी पालन से स्वरोजगार का प्रशिक्षण

इटकी प्रखंड में जिला उद्यान कार्यालय की ओर से किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद प्रत्येक लाभार्थी किसान को 20 मधुमक्खी पालन बॉक्स, मधुमक्खियों सहित हाइव, मधु निष्कर्षण मशीन और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाना है।

महिलाओं की आजीविका और पशुपालन को बढ़ावा

नगड़ी प्रखंड में नारो क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) की शेयरधारक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बीच शेयर प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इससे सामुदायिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी और स्वामित्व को मजबूत करने की पहल की गई।

जिले के विभिन्न प्रखंडों में पशुधन स्वास्थ्य अभियान के तहत 1216 बकरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं, जेंडर समानता, पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक और शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई। इस दौरान संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण वाटिका और गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल की जानकारी दी गई।

95 SHG और 42 VO शिविर, 1425 लाभार्थियों का e-KYC

स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों की वित्तीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 95 SHG कट-ऑफ शिविर और 42 VO ट्रांजैक्शन शिविर लगाए गए। वहीं, आधार आधारित e-KYC अभियान के तहत 1425 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा किया गया।

ऑड्रे हाउस में नागपुरी गीत प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक महोत्सव संपन्न

झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर ऑड्रे हाउस में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का रविवार को रंगारंग समापन हुआ। पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित अंतिम दिन नागपुरी गीत प्रतियोगिता हुई। इसमें रांची के विभिन्न क्षेत्रों और स्कूलों से आए बच्चों ने नागपुरी एवं क्षेत्रीय भाषाओं में गीत और वाद्य संगीत प्रस्तुत कर झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नागपुरी कलाकार शिव शंकर महली, मनपूरन नायक और देवदास विश्वकर्मा शामिल रहे। जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों और बच्चों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमल बोस ने किया। समापन समारोह में निर्णायक मंडल के सदस्यों और अतिथियों को सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रांची जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। दो दिवसीय आयोजन में बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों और अभिभावकों का मन मोह लिया।

Share.
Next Story
धनबाद में मार्क जुकरबर्ग के खिलाफ यूथ कांग्रेस का पोस्टर वार, ‘मार्क बीजेपी बर्ग’ लिखकर जताया विरोध
Exit mobile version