-राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, सीएम हेमंत सोरेन और स्पीकर रबीन्द्र नाथ महतो रहे मौजूद, शोक के कारण सादगीपूर्ण रहा समारोह
रांची। झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को सादगीपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मंझगांव से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक निरल पूर्ति को ‘बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान’ से नवाजा गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और खेल जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। हाल के दिनों में राज्य के राजनीतिक जगत से जुड़ी कई हस्तियों के निधन और शोक की स्थिति को देखते हुए इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया गया।
17 खिलाड़ियों को मिला सम्मान, कई के परिजनों ने ग्रहण किया पुरस्कारः
स्थापना दिवस के मौके पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का मान बढ़ाने वाले कुल 17 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें से कई खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों और खेल आयोजनों में व्यस्त होने के कारण समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे खिलाड़ियों के स्थान पर उनके परिजनों को मंच पर सम्मानित किया गया। इनमें प्रमुख रूप से ओलंपियन तीरंदाज अंकिता भगत, हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान शामिल हैं, जिनकी उपलब्धियों को याद करते हुए उनके परिजनों को सम्मान प्रदान किया गया।
पैरा तीरंदाज झोंगो पाहन और जीतू राम बेदिया का बढ़ाया मानः
समारोह में सबसे पहले खूंटी जिले के सिल्दा गांव निवासी पैरा तीरंदाज झोंगो पाहन को सम्मानित किया गया। शारीरिक चुनौतियों को मात देकर झोंगो ने अपने साहस और मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने दिसंबर 2025 में दुबई में आयोजित पांचवें एशियन यूथ पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। इसके पश्चात रांची के सिल्ली क्षेत्र अंतर्गत जोन्हा गांव के युवा तीरंदाज जीतू राम बेदिया को सम्मानित किया गया। अत्यंत निर्धन परिवार से आने वाले जीतू ने कठिन परिस्थितियों से जूझते हुए दुबई में आयोजित पांचवें एशियन यूथ पैरा गेम्स में कांस्य पदक अपने नाम किया था। अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
