चेतावनी के बावजूद आर-पार के मूड में कर्मी, आज दुर्गा सोरेन चौक से एनएचएम कार्यालय तक निकालेंगे फ्लैग मार्च
रांची। झारखंड में 108 एम्बुलेंस कर्मियों की हड़ताल रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहने से राज्य भर में करीब 500 एम्बुलेंस का परिचालन पूरी तरह ठप है। निःशुल्क आपातकालीन सेवा बंद होने से मरीजों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है और परिजन महंगी निजी एम्बुलेंस, ऑटो या टोटो के सहारे अस्पताल पहुंचने को मजबूर हैं।
हड़ताल से निपटने के लिए संचालन एजेंसी सम्मान फाउंडेशन और सरकार द्वारा कुल 396 वैकल्पिक एम्बुलेंस चलाने के दावे किए गए थे, लेकिन रविवार को रिम्स ट्रामा सेंटर और सदर अस्पताल के बाहर यह व्यवस्था धरातल पर नदारद दिखी।
इधर, नौकरी से हटाने और एस्मा लगाने की चेतावनी को दरकिनार कर संघ ने आंदोलन तेज कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। इसके तहत रविवार दोपहर एक से तीन बजे तक दुर्गा सोरेन चौक से नामकुम बाजार होते हुए एनएचएम कार्यालय तक फ्लैग मार्च निकाला जाएगा।
