Sunday, November 22

दीपावली के बाद बढ़ गया था वायु प्रदूषण, बारिश से कम हुए PM 2.5 और PM 10 के कण; विशेषज्ञों ने बताया राहत को अस्थायी

रांची: राजधानी रांची में पिछले दो दिनों से हो रही हल्की बारिश का असर अब हवा की गुणवत्ता पर भी दिखने लगा है। बारिश के बाद शहर की हवा पहले की तुलना में काफी साफ हो गई है। रांची का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI घटकर 32 पर पहुंच गया है।

इससे पहले 20 नवंबर को रांची का AQI 172 दर्ज किया गया था। वहीं, जमशेदपुर में 249, धनबाद में 215 और बोकारो में 140 AQI रिकॉर्ड किया गया था।

विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश की बूंदें हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के छोटे कणों को जमीन पर बैठा देती हैं। इससे PM 2.5 और PM 10 का स्तर कम होता है और हवा की गुणवत्ता में सुधार आता है।

गौरतलब है कि दीपावली के बाद भी रांची में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया था। दीपावली की रात वन भवन स्थित मॉनिटरिंग स्टेशन पर PM 10 का स्तर 989 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक दर्ज किया गया था। हालांकि, बारिश और हवा चलने के बाद प्रदूषण में गिरावट आई थी।

वहीं, पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मिली राहत स्थायी नहीं है। बारिश रुकने के बाद वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों की धूल और कचरा जलाने जैसी गतिविधियों से प्रदूषण दोबारा बढ़ सकता है। चिकित्सकों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

फिलहाल दो दिनों की बारिश ने रांचीवासियों को प्रदूषण से राहत जरूर दी है, लेकिन शहर की हवा को लंबे समय तक साफ रखने के लिए प्रदूषण के मूल कारणों पर नियंत्रण जरूरी है।

 

Share.
Next Story
रामगढ़ घाटी में भीषण सड़क हादसा, क्षतिग्रस्त वाहन में फंसा चालक; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Exit mobile version