रामगढ़। रांची-पटना मुख्य मार्ग (एनएच-33) स्थित रामगढ़ घाटी में अभी-अभी एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। हादसे के बाद वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे चालक गाड़ी के केबिन में ही फंस गया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा कटर और क्रेन की मदद से केबिन को काटकर चालक को रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है। एहतियात के तौर पर मौके पर एंबुलेंस भी बुला ली गई है, ताकि बाहर निकालते ही घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा जा सके। हादसे के कारण घाटी में कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ है, जिसे पुलिस सुचारू कराने में जुटी है।
