डायवर्सन नहीं बनने से 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर रहे ग्रामीण, स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
लातेहार: राजडंडा नदी पर बना पुल पिछले तीन महीने से क्षतिग्रस्त है। पुल के बंद होने से आसपास के गांवों के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि अब तक आवागमन के लिए वैकल्पिक डायवर्सन का निर्माण भी नहीं कराया गया है।
पुल से रास्ता बंद होने के कारण ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल जाने के लिए पैदल ही लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल क्षतिग्रस्त हुए तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। इससे लोगों के रोजमर्रा के कामकाज और जरूरी आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से जल्द डायवर्सन का निर्माण कराने और आवागमन बहाल करने की मांग की है।
