Sunday, November 22

रांची। झारखंड विधानसभा के आगामी दो दिवसीय विशेष सत्र को लेकर सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। सत्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले 24 नवंबर को रांची में कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी के सभी विधायकों के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष सत्र के दौरान सदन के भीतर पार्टी की रणनीति तय करना, विपक्ष के हमलों का करारा जवाब देना और सरकार के पक्ष को मजबूती के साथ रखना है।

केंद्र के फैसलों के खिलाफ प्रस्ताव लाने की रणनीति

विशेष सत्र के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और खनिज विकास एवं विनियमन (एमएमडीआर) संशोधन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है। कांग्रेस इन दोनों विषयों पर केंद्र सरकार के फैसलों के खिलाफ सदन में राज्य के हितों की पुरजोर वकालत करने की तैयारी में है। बैठक में इस बात पर भी गहन मंथन होगा कि इन मुद्दों पर सदन के माध्यम से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को कैसे भेजा जाए।

जनसमस्याओं और संविधान रक्षा मार्च पर भी होगी चर्चा

बैठक के दौरान आलाकमान द्वारा विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने के निर्देश दिए जा सकते हैं। इसके साथ ही, सत्ताधारी गठबंधन के घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श होगा। इसके अलावा, आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘संविधान रक्षा मार्च’ की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

Share.
Next Story
झारखंड के 7 जिलों को मिलेगी नई जलापूर्ति योजनाओं की सौगात, 67 करोड़ होंगे खर्च
Exit mobile version