-28 नवंबर को होगा मुख्य समारोह, दो IPS अधिकारियों को वीरता और छह को सराहनीय सेवा पदक
रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह 2026 और वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में राज्य के पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया जायेगा. इस दौरान वीरता पदक और सराहनीय सेवा पदक से पुलिस विभाग के कुल 20 अधिकारी-कर्मियों को अलंकृत किया जायेगा. इनमें आठ आइपीएस अधिकारी शामिल हैं. इस संबंध में 21 नवंबर को रांची से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है.
वीरता पदक के लिए दो आइपीएस अधिकारियों समेत 13 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के नाम शामिल हैं. इनमें तत्कालीन डीआइजी हजारीबाग और वर्तमान आइजी (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह तथा तत्कालीन एसपी चतरा और वर्तमान रांची एसएसपी राकेश रंजन शामिल हैं.
वहीं, सराहनीय सेवा पदक के लिए सात पुलिस अधिकारियों और कर्मियों का चयन किया गया है. इनमें छह आइपीएस अधिकारी शामिल हैं. आइजी सीआइडी असीम विक्रांत मिंज, डीआइजी अनीश गुप्ता, एटीएस एसपी राजकुमार मेहता, एसपी अभियान दीपक कुमार शर्मा, एसपी गोड्डा मुकेश कुमार और दीपक कुमार पांडेय को सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया जायेगा. इसके अलावा रांची जिला के प्राअनि (आशुलिपिक) मो. अरशद खां को भी सम्मानित किया जायेगा.
पदक के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने अपने-अपने पदस्थापन के दौरान बेहतर कार्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है. स्थापना दिवस समारोह में इन्हें सम्मानित कर पुलिस सेवा में इनके योगदान को मान्यता दी जायेगी.
वीरता पदक पाने वालों की सूची :
1. नरेंद्र कुमार सिंह (आइपीएस) – तत्कालीन डीआइजी, हजारीबाग; वर्तमान में आइजी (अभियान), झारखंड, रांची.
2. राकेश रंजन (आइपीएस) – तत्कालीन एसपी, चतरा; वर्तमान में एसएसपी, रांची.
3. प्रकाश सोय (डीएसपी) – डीएसपी कोतवाली, रांची; वर्तमान में डीएसपी विधि-व्यवस्था, धनबाद.
4. नीरज कुमार (डीएसपी) – डीएसपी एटीएस, रांची; वर्तमान में डीएसपी हटिया, रांची.
5. राजीव कुमार (सब इंस्पेक्टर) – लातेहार जिला; वर्तमान में बोकारो जिला.
6. दिव्य प्रकाश (सब इंस्पेक्टर) – लातेहार जिला; वर्तमान में हजारीबाग जिला.
7. सनोज कुमार चौधरी (इंस्पेक्टर) – चतरा जिला; वर्तमान में रांची जिला.
8. प्रकाश कुमार यादव (आरक्षी) – चतरा जिला.
9. सुभाष चंद्र लकड़ा (सब इंस्पेक्टर) – रांची जिला; वर्तमान में पलामू जिला.
10. सोनू कुमार साहू (सब इंस्पेक्टर) – रामगढ़ जिला; वर्तमान में गिरिडीह जिला.
11. शंकर प्रसाद कुशवाहा (सब इंस्पेक्टर) – गढ़वा जिला; वर्तमान में जमशेदपुर जिला.
12. राजबल्लभ कुमार (सब इंस्पेक्टर) – गढ़वा जिला; वर्तमान में हजारीबाग जिला.
13. शिवलाल गुप्ता (सब इंस्पेक्टर) – गढ़वा जिला; वर्तमान में रामगढ़ जिला.
सराहनीय सेवा पदक पाने वालों की सूची :
1. असीम विक्रांत मिंज (आइपीएस) – आइजी, सीआइडी.
2. अनीश गुप्ता (आइपीएस) – पूर्व में डीआइजी, रांची; वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर.
3. राजकुमार मेहता (आइपीएस) – पूर्व में डीएसपी, जैप-7; वर्तमान में एसपी, एटीएस.
4. दीपक कुमार शर्मा (आइपीएस) – पूर्व में सीनियर डीएसपी, विशेष शाखा; वर्तमान में एसपी अभियान (नक्सल), पुलिस मुख्यालय, झारखंड.
5. मुकेश कुमार (आइपीएस) – पूर्व में सीनियर डीएसपी (मुख्यालय), बोकारो; वर्तमान में एसपी, गोड्डा.
6. दीपक कुमार पांडेय – पूर्व में सीनियर डीएसपी अभियान, लोहरदगा; वर्तमान में एआइजी-सह-डीजी के विशेष सहायक, रांची.
7. मो. अरशद खां (प्राअनि, आशुलिपिक) – रांची जिला.
