Sunday, November 22

कई बैच के आइएएस अधिकारियों को मिलेगा उच्च पदों व अगले वेतनमान का लाभ, प्रशासनिक गलियारों में बढ़ी हलचल

रांची। झारखंड की नौकरशाही में जल्द ही बड़े बदलाव और पदोन्नति देखने को मिल सकती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में अगले सप्ताह विभागीय प्रोन्नति समिति (डीपीसी) की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में राज्य के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) अधिकारियों की प्रोन्नति से जुड़े प्रस्तावों पर गहन विचार-विमर्श के बाद मुहर लगाई जाएगी। बैठक की सुगबुगाहट तेज होते ही राज्य के प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है।

सेवा रिकॉर्ड और विजिलेंस रिपोर्ट की होगी गहन समीक्षाः

इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा मुख्य सचिव तथा कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के सचिव विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। बैठक में मुख्य रूप से उन विभिन्न बैच के आइएएस अधिकारियों के नामों पर चर्चा होगी, जिन्होंने अपनी सेवा अवधि के निर्धारित मापदंड पूरे कर लिए हैं। प्रोन्नति की पात्रता रखने वाले अधिकारियों के गोपनीय चरित्र प्रतिवेदन (एसीआर), कार्यशैली, सेवा रिकॉर्ड और सतर्कता (विजिलेंस) से जुड़ी रिपोर्टों की गहन समीक्षा की जाएगी। सभी मानकों पर खरा उतरने वाले अधिकारियों के नामों को ही अंतिम मंजूरी मिलेगी।

विभागों में खाली पड़े उच्च पद भरने से कामकाज में आएगी तेजीः

जानकारी के मुताबिक डीपीसी की बैठक के बाद कई वरिष्ठ व कनिष्ठ आइएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी मिलेंगी। प्रक्रिया पूरी होते ही कार्मिक विभाग द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इससे विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े उच्च पदों को भरने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने में मदद मिलेगी।

Share.
Next Story
लातेहार में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत, एक की हालत नाजुक
Exit mobile version