Sunday, November 22
-देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और संगठन के पर्चे बरामद
-तपकरा व आनंदपुर में निर्माण कार्य के दौरान दहशत फैलाने की स्वीकारी संलिप्तता

खूंटी। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम पर लेवी वसूली और निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के साथ मारपीट करने के मामले में खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रनिया थाना क्षेत्र के कैलौ गांव निवासी संजू मांझी (24) और अंकुश बागे उर्फ दोनदो (24) के रूप में हुई है। इनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, पीएलएफआई के तीन पर्चे, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

बिना नंबर प्लेट की बाइक से आ रहे थे अपराधीः

खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि 13 नवंबर को तपकरा के कमड़ा मोड़ स्थित आवासीय विद्यालय निर्माण में लगे मजदूरों से मारपीट और 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर में सड़क निर्माण स्थल पर पर्चा फेंककर लेवी मांगने की घटना हुई थी। इन घटनाओं के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में 21 नवंबर को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध बिना नंबर प्लेट की बाइक से रनिया की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो को दबोच लिया, जबकि तीसरा भाग निकला।

लेवी के मामलों में संलिप्तता स्वीकारीः

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तपकरा थाना कांड संख्या 10/26 और आनंदपुर थाना कांड संख्या 20/26 में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने रनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। इस अभियान में मनोहरपुर अंचल के अमित रोशन कुल्लू, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुमारकर, आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस और तपकरा के एएसआई कैलाश उरांव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share.
Next Story
कार में छिपाकर सोना ले जा रहे थे तस्कर, डीआरआई ने हैदराबाद में दबोचा, 5.20 करोड़ का सोना जब्त की
Exit mobile version