योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- पारिवारिक दुख को राजनीति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए
रांची। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मां को खोने का दर्द वही समझ सकता है, जिसने इस दुख को खुद महसूस किया हो। मां तो मां होती हैं। उन्हें खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उन्होंने कभी किसी के निजी जीवन या परिवार को लेकर टिप्पणी नहीं की है। राजनीति में विचारों की लड़ाई होती है। कई बार योगी आदित्यनाथ ने राजनीतिक मुद्दों पर उन पर हमला किया है और उन्होंने भी उसका जवाब दिया है, लेकिन इस दौरान उन्होंने कभी किसी के परिवार या निजी जीवन को निशाना नहीं बनाया।
स्वास्थ्य मंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने भी अपनी मां को खोया है। जिस दर्द से वह गुजरे हैं, आज वही दर्द योगी आदित्यनाथ भी महसूस कर रहे होंगे। मां का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन का सबसे बड़ा दुख होता है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन दुख की घड़ी में इंसानियत और संवेदना सबसे ऊपर होनी चाहिए। किसी के पारिवारिक दुख को राजनीति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। ऐसे समय में एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय भावनाओं का सम्मान करना जरूरी है।
