23 नवंबर से रांची के मौसम में होगा सुधार
24 नवंबर की सुबह से धुंध और हल्के कोहरे का दिखेगा असर
27 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पहुंचने का अनुमान
रांची। राजधानी रांची में मौसम का बदला मिजाज अब धीरे-धीरे ठंड की दस्तक को और मजबूत करेगा. रविवार को दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही रही. शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया. शाम में तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार यानी 23 नवंबर से बादलों का असर कम होने लगेगा और मौसम में सुधार होगा. इसके साथ ही अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब सात डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है.
मौसम विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, रविवार को न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक था. वहीं, रविवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में तीन मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी. सोमवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. यानी बारिश और बादलों के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा.
24 नवंबर से सुबह में छायेगी धुंध, रात में बढ़ेगी कनकनी
मंगलवार यानी 24 नवंबर से रांची में सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है. दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 नवंबर को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री, 25 और 26 नवंबर को 12 डिग्री तथा 27 नवंबर को 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.
न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट से सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ेगा. वहीं, 23 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में घने कोहरे की संभावना जतायी गयी है. हालांकि, रांची के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गयी है. सुबह धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है. ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
