बोकारो: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतिम दिन शनिवार को बोकारो में साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा को लेकर जन जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस प्रशासन की ओर से सूचना भवन स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने की। इसमें साइबर अपराध के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेमिंग के खतरे और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी गई।
कार्यशाला में मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक आजाद खान, पुलिस निरीक्षक संगीता कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसमें सहिया, नर्सिंग स्टाफ, सेविका-सहायिका और आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी भाग लिया।
वीडियो के जरिए समझाए गए साइबर ठगी के तरीके
कार्यशाला के दौरान वीडियो क्लिप के माध्यम से साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों को प्रदर्शित किया गया। इसमें ऑनलाइन गेमिंग के दौरान होने वाली धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, एपीके फाइल, डिजिटल अरेस्ट और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को साइबर अपराधियों की कार्यप्रणाली और उनके झांसे से बचने के उपाय भी बताए गए।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान : एसपी
एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराना और पैसे मांगना साइबर ठगी का तरीका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। बिना सत्यापन किसी लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। एसपी ने कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम के लिए सामूहिक जागरूकता जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति खुद जागरूक बने और अपने परिवार, परिचितों तथा समाज के कम से कम दस अन्य लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाए।
एसपी ने साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और नजदीकी थाना या साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि समय पर सूचना मिलने से ठगी की राशि फ्रीज कराने में मदद मिल सकती है।
अनजान लिंक और एपीके फाइल से मोबाइल डेटा चोरी का खतरा
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि साइबर अपराधी घर बैठे पैसे कमाने, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और आकर्षक ऑफर का लालच देकर लोगों को ठगते हैं। ऑनलाइन गेमिंग के दौरान भेजे जाने वाले अनजान लिंक और एपीके फाइल के जरिए मोबाइल का डेटा चोरी किया जा सकता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को मोबाइल देते समय विशेष सतर्कता बरतें और उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें।
पहचान सत्यापित किए बिना किसी पर भरोसा न करें
पुलिस निरीक्षक आजाद खान ने कहा कि साइबर अपराधी बड़े अधिकारियों और प्रतिष्ठित संस्थानों का नाम लेकर लोगों को भ्रमित करते हैं। इसलिए किसी की पहचान और दावों का सत्यापन किए बिना भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने व्हाट्सएप पर आने वाली अनजान पीडीएफ, फाइल या लिंक को बिना जांचे डाउनलोड करने अथवा क्लिक करने से बचने की सलाह दी।
कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों से साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा अपने कार्यक्षेत्र, परिवार और समाज में भी जागरूकता का संदेश पहुंचाने की अपील की गई।
