Sunday, November 29

रामगढ़। कुजू ओपी क्षेत्र के पैन्की चौक के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े पिता और उनकी 9 साल की बेटी को टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

कॉपी लेने निकले थे, लौट नहीं पाए

मृतकों की पहचान अरुण ओहदार और उनकी बेटी मिस्टी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक अरुण बेटी को साथ लेकर किताब की दुकान जाने के लिए घर से निकले थे। मिस्टी के लिए कॉपी खरीदनी थी। दोनों पैन्की चौक के पास सड़क किनारे खड़े थे, तभी राँची की तरफ से आ रहा एक ट्रक हजारीबाग की ओर जाते हुए बेकाबू होकर उन्हें टक्कर मार गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिता-पुत्री को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

मौके से फरार हुआ चालक

हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और आसपास के बहुत से लोग दौड़े चले आए। लेकिन भीड़ के जुटने तक ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर भाग चुका था। पिता और मासूम बेटी की एक साथ मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बदहाल हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने दोषी चालक पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करते हुए फोरलेन पर चक्का जाम कर दिया। इसके चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन ठप हो गया।

सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने में जुट गई। इसी बीच स्थानीय जेएलकेएम नेत्री रूपा महतो भी घटनास्थल पर आईं। उन्होंने भी पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता खड़ी कर दी है। एक पिता अपनी बच्ची की पढ़ाई की छोटी-सी जरूरत पूरी करने घर से निकला था, पर यह सफर उसका आखिरी सफर बन गया। जिस घर में बेटी की पढ़ाई और भविष्य के सपने बुने जा रहे थे, वहां अब सन्नाटा है। स्थानीय लोग ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।

Share.
Next Story
अब AR-VR से समझेंगे विज्ञान के सिद्धांत, रांची में डिजिटल एडवेंचर व क्लाइमेट चेंज गैलरी शुरू
Exit mobile version