Sunday, November 29
अरगोड़ा मैदान में 110 बाल एवं तरुण घोष वादकों ने लिया भाग, संघ के 101 वर्षों के इतिहास और पंच प्रण पर हुई चर्चा

रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), रांची महानगर के घोष विभाग की ओर से अरगोड़ा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय घोष (वाद्य) शिविर का रविवार को भव्य समापन हुआ। शिविर में 110 बाल एवं तरुण घोष वादकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपनी संगीत कला, अनुशासन और सामूहिक प्रस्तुति का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में संघ के पदाधिकारियों, सैन्य अधिकारियों और समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत कार्यवाह श्री संजय कुमार ने संघ की 101 वर्षों की यात्रा और वर्ष 1926 में घोष के प्रारंभ होने के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ का मूल कार्य शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण करना है। स्वयंसेवक बिना किसी भेदभाव के अपनी प्रेरणा और स्वयं के धन से समाज एवं राष्ट्र के लिए कार्य करते हैं।

उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर समाज के सामने रखे गए पंच प्रण को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इसमें स्वबोध के तहत स्व-आधारित जीवन, कुटुंब प्रबोधन के तहत शिक्षा के साथ संस्कार, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं।

सामाजिक समरसता के महत्व को समझाते हुए उन्होंने छठ महापर्व का उदाहरण दिया और भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया। पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करने, वृक्षों की रक्षा करने और जल बचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इन विचारों को झारखंड में लगभग 27 लाख घरों और एक लाख से अधिक युवाओं तक पहुंचाया गया है।

अनुशासन और टीम वर्क पर जोर

मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर अमन नारायण ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा, अनुशासन, संगठन और समर्पण किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने प्राचीन भारतीय युद्धभूमि से लेकर आधुनिक सैन्य परंपरा तक संगीत के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि एक बैंड हमें अनुशासन, टीम वर्क और सामूहिक उद्देश्य के तीन प्रमुख सबक सिखाता है। ये गुण सेना और संघ दोनों की कार्यप्रणाली में समान रूप से दिखाई देते हैं। उनके अनुसार, सामूहिक प्रयास और एक-दूसरे के साथ तालमेल किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त कर्नल एसके सिन्हा ने आपदा प्रबंधन और समाज सेवा में संघ की भूमिका की सराहना की। उन्होंने संघ की कार्यशैली को भारतीय सेना के समान अनुशासित और समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि बिना बाहरी चंदे के, स्वयं के योगदान से प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की परंपरा सराहनीय है। उन्होंने युवाओं से कानून का पालन करने और देश के प्रति समर्पित रहने का आग्रह किया।

समरस समाज निर्माण का संदेश

विशिष्ट अतिथि झारखंड रत्न श्री मनपूरन नायक ने सामाजिक समरसता पर बल देते हुए कहा कि समरस समाज ही समृद्ध समाज का निर्माण कर सकता है। उन्होंने अपने स्वरचित गीत ‘मनवा रे…’ के माध्यम से एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

समारोह में उत्तर पूर्व क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक श्री देवव्रत पाहन, क्षेत्र संपर्क प्रमुख श्री अनिल ठाकुर, झारखंड प्रांत के प्रांत संघचालक श्री अशोक श्रीवास्तव, प्रांत प्रचारक श्री गोपाल, विभाग प्रचारक श्री मंटू, रांची महानगर प्रचारक श्री विशाल और महानगर कार्यवाह श्री दीपक पांडेय सहित संघ के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्र सेविका समिति की विभाग प्रचारिका सुश्री अदिति राठौर, महापौर श्रीमती रौशनी खलखो, विधायक श्री नवीन जायसवाल, श्री राकेश लाल, श्री अखिलेश्वर मिश्र, श्री राजू शर्मा, श्री मनोज भारद्वाज, श्री भानु जालान और श्री फाल्गुनी मुखर्जी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

समापन समारोह में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और समाज के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। तीन दिवसीय शिविर के माध्यम से घोष वादकों ने संगीत के साथ अनुशासन, सामूहिकता और संगठन के महत्व को प्रदर्शित किया।

Share.
Next Story
छह दिसंबर को रांची में होगा ‘मूल संविधान सम्मान सम्मेलन’, जातिगत राजनीति पर उठेंगे सवाल
Exit mobile version