Monday, October 26

रांची: बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो उसे आज यानी 10 सितंबर को ही निपटा लेना बेहतर होगा। बैंक कर्मचारियों के संगठनों की ओर से 11 सितंबर 2026 को एक दिन की हड़ताल का प्रस्ताव है। इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण लगातार तीन दिन बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहेगा।

यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर प्रस्तावित है। बैंक कर्मचारी संगठनों की ओर से पांच दिन के कार्य सप्ताह और इंसेंटिव योजना की समीक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल का प्रस्ताव रखा गया है। ऐसे में 11 सितंबर को बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।

ग्राहकों के लिए SBI की एडवाइजरी

हड़ताल को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी कर जरूरी बैंकिंग काम पहले ही पूरा करने की सलाह दी है। बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल की तारीख से पहले अपने महत्वपूर्ण लेनदेन निपटा लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।

SBI ने ग्राहकों को जरूरत के मुताबिक ATM और ADWM का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इसके अलावा ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) से मिलने वाली सेवाओं का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

बैंक ने ग्राहकों से इंटरनेट बैंकिंग, YONO, मोबाइल बैंकिंग, UPI और दूसरे डिजिटल बैंकिंग माध्यमों को प्राथमिकता देने की अपील की है। यानी जिन कामों के लिए शाखा जाना जरूरी नहीं है, उन्हें डिजिटल माध्यम से किया जा सकता है।

तीन दिन क्यों प्रभावित रहेगा बैंकिंग कामकाज?

  • 11 सितंबर: बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित एक दिवसीय हड़ताल
  • 12 सितंबर: दूसरा शनिवार, बैंक अवकाश
  • 13 सितंबर: रविवार, साप्ताहिक अवकाश

ऐसे में बैंक शाखाओं से जुड़े कई नियमित काम लगातार तीन दिनों तक प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग, UPI और ATM जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है, लेकिन किसी सेवा की उपलब्धता बैंक और तकनीकी स्थिति पर निर्भर कर सकती है।

इसलिए अगर आपको कैश जमा करना, चेक से जुड़ा काम, बैंक शाखा में कोई जरूरी आवेदन या अन्य महत्वपूर्ण लेनदेन करना है, तो उसे टालने के बजाय पहले ही पूरा कर लेना समझदारी होगी।

SBI ने ग्राहकों को होने वाली संभावित असुविधा के लिए खेद जताते हुए सहयोग की अपील की है। बैंक का कहना है कि वह आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।

इसे भी पढ़े – बैंक के नाम से आया SMS असली है या फर्जी? मिनटों में ऐसे करें पहचान

Share.
Next Story
रांची में अब जाम से राहत की तैयारी, शहर को मिलने वाले हैं 3 नए फ्लाइओवर
Exit mobile version