रांची: सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर रांची पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाली किसी भी खबर, वीडियो, संदेश या सूचना को बिना सत्यापन के सही न मानें और उसे आगे शेयर करने से बचें।
रांची पुलिस के मुताबिक, कुछ असामाजिक और स्वार्थी तत्व जानबूझकर झूठी, भ्रामक और अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों का उद्देश्य लोगों को उकसाना और कानून-विरोधी गतिविधियों के लिए प्रेरित करना हो सकता है। इससे समाज में तनाव, अशांति और आपसी वैमनस्य की स्थिति पैदा होने की आशंका रहती है।
उकसावे में आकर कानून हाथ में न लें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सोशल मीडिया पोस्ट या संदेश के आधार पर भावनात्मक प्रतिक्रिया न दें और किसी के उकसावे में आकर कानून अपने हाथ में न लें। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने यह भी कहा कि अफवाहों के कारण सामाजिक शांति और आपसी भाईचारा प्रभावित हो सकता है। इसलिए किसी भी सूचना को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
संदिग्ध या भड़काऊ पोस्ट दिखे तो पुलिस को दें सूचना
रांची पुलिस ने लोगों से कहा है कि अगर सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री दिखाई देती है, तो उसे वायरल करने के बजाय इसकी सूचना पुलिस या प्रशासन को दें।
पुलिस ने लोगों से शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सिर्फ सत्यापित जानकारी पर भरोसा करें, अफवाहों से बचें और किसी के निजी स्वार्थ का माध्यम न बनें।
इसे भी पढ़े – अक्षत की मौत का आरोपी रुद्र फाउंडेशन: ‘गाली-गलौज’ के आरोपों के बीच संचालक का कथित ऑडियो वायरल, अभद्र भाषा की हदें पार


