Thursday, November 26

प्रभात तारा मैदान में जुटेंगे गौसेवक और संत-महात्मा, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की उठेगी मांग

रांची। गौमाता के संरक्षण और सम्मान को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में 17 दिसंबर को बड़ा आयोजन होने जा रहा है। धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत विशाल जनसंकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में झारखंड के अलग-अलग जिलों से 50 हजार से अधिक गौसेवकों, सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गौभक्तों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में 50 से अधिक संत-महात्मा भी मौजूद रहेंगे।

इस आयोजन के जरिए गौमाता के संरक्षण से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने और सरकार तक लोगों की भावनाएं पहुंचाने की तैयारी है। अभियान की प्रमुख मांगों में देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौमाता की सुरक्षा के लिए विशेष केंद्रीय कानून बनाने और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग शामिल है।

51 करोड़ लोगों के हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य

अभियान के तहत देशभर में जनसमर्थन जुटाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से मोहल्लों, पंचायतों, प्रखंडों और जिला स्तर पर लोगों से समर्थन लिया जा रहा है। आयोजकों ने देशभर से 51 करोड़ लोगों के हस्ताक्षर एकत्रित कर राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत करने का लक्ष्य रखा है। अभियान के तहत देश के विभिन्न राज्यों और 36 प्रदेशों की राजधानियों में एक साथ जनसंकल्प कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

श्री माहेश्वरी भवन में हुई आयोजन की तैयारी को लेकर बैठक

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रांची के श्री माहेश्वरी भवन में सामाजिक, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गौसेवकों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पथमेडा से अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए पहुंचे श्री राधा वत्स महाराज ने की।

उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, परंपरा और सनातन जीवन मूल्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके सम्मान और संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर को देशव्यापी स्तर पर जनसंकल्प प्रस्तुत किया जाएगा।

100 से अधिक कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी

बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। प्रभात तारा मैदान में कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, भोजन, सुरक्षा, प्रचार-प्रसार और प्रशासनिक समन्वय जैसे विषयों पर कार्ययोजना तैयार की गई। आयोजन की अलग-अलग जिम्मेदारियों के लिए 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए।

बैठक का संचालन कर रहे अभियान से जुड़े मुकेश काबरा ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गौमाता के सम्मान और संरक्षण को लेकर समाज की सामूहिक आवाज है। उन्होंने झारखंड के गौभक्तों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से 17 दिसंबर को प्रभात तारा मैदान पहुंचने की अपील की।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

बैठक में श्री राधा वत्स महाराज, अभय आश्रय दास, मुकेश काबरा, शिव शंकर साबू, वासुदेव भाला, विजय छापड़िया, डॉ. सौरभ चौधरी, विष्णु कुमार, अमित चौधरी, निशांत पोद्दार, रोहित कटारुका, आनंद श्रीवास्तव, प्रमोद सारस्वत, श्रबन जाजोदिया, विकास सिंह, रूपेश भाला, अजय शर्मा, प्रणव, अशोक और घनश्याम जी समेत बड़ी संख्या में गौसेवक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share.
Next Story
अदालत में पेशी के बाद पत्रकार अभिषेक भारती अचानक बेहोश, कोर्ट परिसर में मची अफरा-तफरी
Exit mobile version