बॉलीवुड के महानायक और एंग्री यंग मैन अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। उनके मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार धमकी भरा ईमेल मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भेजा गया है। ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले के साथ-साथ बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम BMC मुख्यालय पहुंची और परिसर की जांच शुरू की। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल धमकी की वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है।
पहले भी मिल चुकी है अमिताभ बच्चन को धमकी
अमिताभ बच्चन को इससे पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। पिछली धमकियों में उनके बेटे अभिषेक बच्चन का नाम भी शामिल था। एक सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस पोस्ट में बुलेटप्रूफ सुरक्षा का भी जिक्र किया गया था।
लगातार मिल रही धमकियों के बाद अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बंगले के बाहर निजी सुरक्षा गार्डों के साथ मुंबई पुलिस के हथियारबंद जवान भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
सलमान खान के घर पर फायरिंग के बाद बढ़ी थी चिंता
गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की घटना हुई थी। इसके बाद से बॉलीवुड की कई हस्तियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। अब अमिताभ बच्चन के बंगले को मिली ताजा धमकी ने एक बार फिर फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल मुंबई पुलिस ईमेल की जांच कर रही है और धमकी के पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
