Thursday, November 26

जनजातीय संस्कृति, खनिज संपदा और औद्योगिक विकास से हुए रूबरू, विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की दी सीख

रांची। झारखंड की प्राकृतिक संपदा, समृद्ध जनजातीय संस्कृति और औद्योगिक विकास को करीब से समझने के लिए पुणे से आए विद्यार्थियों ने गुरुवार को रांची स्थित लोक भवन का भ्रमण किया। इस दौरान राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने ज्ञान प्रबोधिनी नवनगर विद्यालय, पुणे के विद्यार्थियों से मुलाकात कर झारखंड की विशेषताओं और यहां की सांस्कृतिक विरासत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान डॉ. नितिन कुलकर्णी ने बताया कि झारखंड खनिज संपदा के मामले में देश के प्रमुख राज्यों में शामिल है। राज्य की करीब 30 प्रतिशत भूमि वनाच्छादित है। यहां की 26 प्रतिशत से अधिक आबादी जनजातीय समुदायों से जुड़ी हुई है। झारखंड में 30 से अधिक जनजातीय समुदाय निवास करते हैं, जिनमें आठ विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTGs) के अंतर्गत आते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को राज्य की जनजातीय परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों और औद्योगिक विकास की संभावनाओं से भी परिचित कराया। इसके साथ ही लोक भवन के ऐतिहासिक महत्त्व और परिसर की प्राकृतिक सुंदरता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोक भवन का उद्यान लगभग 200 प्रजातियों के पेड़-पौधों और गुलाब की सैकड़ों प्रजातियों से समृद्ध है, जो इसकी खूबसूरती को खास बनाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. कुलकर्णी ने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी हैं। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शैक्षणिक भ्रमण को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक परिस्थितियों और नए अनुभवों को समझने का बेहतर माध्यम बताया।

वहीं, विद्यार्थियों ने अपने भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने बुधवार को जमशेदपुर का दौरा किया था। गुरुवार को वे रांची के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। इसके बाद उनका खूंटी और बिशुनपुर जाने का कार्यक्रम है। विद्यार्थियों ने लोक भवन परिसर और यहां स्थित सुंदर उद्यान का भी भ्रमण किया।

Share.
Next Story
रांची में 17 दिसंबर को गौ सम्मान अभियान का बड़ा आयोजन, 50 हजार से अधिक लोगों के जुटने का दावा
Exit mobile version