Wednesday, September 9

रांची: सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने इन दिनों आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। बाजार में कई सब्जियों के दाम लगातार ऊपर जा रहे हैं और इसी बीच प्याज की कीमत भी 60 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है। ऐसे में रोजमर्रा की खरीदारी में राहत देने के लिए केंद्र सरकार की पहल पर नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) ने रांची में रियायती दर पर प्याज की बिक्री शुरू की है।

जहां खुदरा बाजार में लोगों को प्याज खरीदने के लिए करीब 60 से 70 रुपये प्रति किलो खर्च करने पड़ रहे हैं, वहीं NCCF की मोबाइल वैन से 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। फिलहाल रांची में 10 अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल वैन के जरिए इसकी बिक्री की जा रही है।

महंगी सब्जियों के बीच सस्ते प्याज की पहल

रसोई में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों के दाम बढ़ने से आम परिवारों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है। ऐसे समय में प्याज की कीमत को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। इसी को देखते हुए केंद्र सरकार की पहल पर NCCF ने रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की है।

रांची में NCCF के शाखा प्रबंधक प्रिंस कुमार ने बताया कि सरकारी दर पर प्याज की बिक्री की शुरुआत 6 सितंबर को की गई थी। वहीं, 7 सितंबर से इसका दायरा बढ़ाते हुए रांची के 10 स्थानों पर मोबाइल वैन के जरिए प्याज बेचने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि जब भी प्याज की कीमत अप्रत्याशित रूप से बढ़ती है, तब केंद्र सरकार की पहल पर NCCF की ओर से सरकारी दर पर प्याज की बिक्री शुरू की जाती है।

किशोरगंज में सस्ते प्याज के लिए जुटे लोग

इस पहल का असर रांची में भी दिखाई दिया। किशोरगंज के पास बड़ी संख्या में लोग 35 रुपये किलो की दर से प्याज खरीदते नजर आए। सस्ते दाम पर प्याज मिलने से उपभोक्ताओं ने केंद्र सरकार की इस पहल की सराहना भी की।

NCCF की ओर से मोबाइल वैन को अलग-अलग इलाकों में भेजा जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को बाजार की तुलना में कम कीमत पर प्याज मिल सके।

एक व्यक्ति को अधिकतम 2 किलो प्याज मिलेगा

रियायती दर पर प्याज खरीदने के लिए भी मात्रा तय की गई है। एक उपभोक्ता को अधिकतम 2 किलो प्याज ही दिया जा रहा है।

यानी कोई भी व्यक्ति 35 रुपये प्रति किलो की दर से अधिकतम 2 किलो प्याज खरीद सकता है। मोबाइल वैन के जरिए अलग-अलग इलाकों में बिक्री किए जाने का मकसद ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं तक इस सुविधा को पहुंचाना है।

रांची में इन 10 जगहों पर बिक रहा 35 रुपये किलो प्याज

NCCF की मोबाइल वैन को आज इन स्थानों पर लगाया गया है-

  • चुटिया एरिया
  • कोकर
  • कुसई कॉलोनी
  • हिनू चौक
  • धुर्वा सेक्टर-1
  • पंडरा में रवि स्टील के पास
  • बजरा
  • जतरा टांड़-पिस्का मोड़
  • रातू रोड
  • अपर बाजार में बड़ा तालाब के पास

इन इलाकों के आसपास रहने वाले उपभोक्ता यहां पहुंचकर 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज खरीद सकते हैं। हालांकि, एक व्यक्ति को अधिकतम 2 किलो प्याज ही उपलब्ध कराया जा रहा है।

रांची में एनसीसीएफ के शाखा प्रबंधक प्रिंस कुमार ने Jharkhand Digital को बताय कि यह मोबाइल वैन प्रतिदिन अलग अलग स्थानों पर लगाई जाएगी ताकि शहर के तमाम लोगों को काम दर में प्याज उपलब्ध कराई जा सके।

रांची के बाद दूसरे जिलों तक पहुंचाने की तैयारी

फिलहाल यह व्यवस्था रांची से शुरू की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में इसका दायरा झारखंड के दूसरे जिलों तक भी बढ़ाया जायेगा। NCCF की ओर से मोबाइल वैन के जरिए दूसरे जिलों में भी सस्ते प्याज की बिक्री शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

NCCF का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उचित दर पर प्याज उपलब्ध कराना और बढ़ी हुई खुदरा कीमतों से राहत दिलाने के साथ-साथ बाजार में प्याज की कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद करना है।

इसे भी पढ़े – रांची सदर अस्पताल में बाइक चोरी का खेल बेनकाब, एक संदिग्ध से खुली गिरोह की पूरी कड़ी

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
7 सितंबर से 12 सितंबर तक झारखंड-बिहार में बारिश-वज्रपात का खतरा, ऑरेंज अलर्ट जारी
Exit mobile version