Thursday, September 10

रांची: सदर अस्पताल परिसर और उसके आसपास बाइक खड़ी करना लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बन रहा था। पिछले कुछ समय से यहां दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। अब रांची पुलिस ने इस सिलसिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की 04 मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष निगरानी अभियान के दौरान हुई। पुलिस की निगरानी टीमों को अस्पताल परिसर के आसपास सक्रिय किया गया था, जिसके बाद एक संदिग्ध की गतिविधियों ने पूरे गिरोह तक पहुंचने का रास्ता खोल दिया।

अस्पताल परिसर में मंडरा रहा था संदिग्ध, पुलिस ने दबोचा

रांची पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सदर अस्पताल के आसपास लगातार बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए SSP के निर्देश पर टाइगर मोबाइल, PCR और माईक टीम को विशेष निगरानी के लिए लगाया गया था।

इसी निगरानी के दौरान 6 सितंबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सदर अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी करने की नीयत से घूम रहा है।

सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई की और संदिग्ध को सदर अस्पताल परिसर से पकड़ लिया।

एक गिरफ्तारी ने खोली गिरोह की पूरी कड़ी

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ की गई और उसका अपराध स्वीकारोक्ति बयान दर्ज किया गया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के ठिकानों पर छापेमारी की गई।

इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की कुल 04 मोटरसाइकिलें बरामद कीं और बाइक चोरी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मामले में लोअर बाजार थाना में कांड संख्या-153/2026, दिनांक 06.09.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 (2), 317(4), 317(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार 06 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुराने चोरी के मामले का वांछित आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ हाल की बाइक चोरी की घटनाओं तक सीमित नहीं रही। छापेमारी के दौरान लोअर बाजार थाना के एक पुराने चोरी के मामले में वांछित आरोपी शाहिद राय को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, शाहिद राय कांड संख्या-139/2021, दिनांक 07.06.2021, धारा 379 भा०द०वि० के पुराने मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त था।

इस तरह मौजूदा बाइक चोरी के मामले में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस के हाथ एक पुराने मामले में वांछित आरोपी भी लग गया।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं-

  • इरफान अंसारी (उम्र लगभग 24 वर्ष), पिता- स्व० कमरूद्दीन अंसारी, वर्तमान पता- मौलाना आजाद कॉलोनी, गली-13, नामकुम, राँची; स्थायी पता- हुसैन नगर, थाना व जिला- गुमला।
  • मो० कैश आलम (उम्र लगभग 21 वर्ष), पिता- इम्तियाज आलम, ग्राम केसा, थाना बेड़ो, जिला- राँची।
  • मोसिन राय (उम्र लगभग 26 वर्ष), पिता- बसिर राय, ग्राम केसा, थाना बेड़ो, जिला- राँची।
  • इमरान आलम उर्फ भालो (उम्र लगभग 25 वर्ष), पिता- तैयब आलम, ग्राम केसा, थाना बेड़ो, जिला- राँची।
  • मो० जफरूल्ला (उम्र लगभग 20 वर्ष), पिता- मो० मोईन राय, ग्राम केसा, थाना बेड़ो, जिला- राँची।
  • सैफ अंसारी उर्फ राज (उम्र लगभग 22 वर्ष), पिता- अजबुल अंसारी, रहमत नगर, सिसई, थाना सिसई, जिला-गुमला।
  • शाहिद राय (उम्र लगभग 40 वर्ष), पिता- स्व० काशिम राय, केसा नवाटोली, थाना बेड़ो, जिला- राँची, जो पुराने कांड संख्या 139/2021 में वांछित था।

बरामद हुईं 4 मोटरसाइकिलें

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जिन मोटरसाइकिलों को बरामद किया है, उनके पंजीयन नंबर हैं

  • JH09AJ-8499
  • JHO1DM284
  • JHO1BP-4092
  • JH05DL-8507

निगरानी से गिरफ्तारी तक ऐसे पहुंची पुलिस

इस पूरी कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक लव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काम किया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, देवानन्द कुमार यादव, दीपक किशोर तिवारी, सुधीर बाडा, रंजित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार सिंह तथा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

सदर अस्पताल परिसर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बाद शुरू की गई विशेष निगरानी आखिरकार पुलिस को संदिग्ध तक ले गई और पूछताछ के बाद कार्रवाई की कड़ी आगे बढ़ते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंची। पुलिस की इस कार्रवाई में 4 चोरी की बाइक बरामद होने के साथ 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

इसे भी पढ़े – कोकर में अखबार के दफ्तर पर ED की दबिश, दिल्ली-कोलकाता समेत 7 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
खूंटी डबल मर्डर: बच्चे का हक मांगने पर प्रेमी ने प्रेमिका को उतारा मौत के घाट
Exit mobile version