रांची: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और डिजिटल हेल्थ सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में बुधवार से रांची में दो दिवसीय झारखंड डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव की शुरुआत हुई। 30 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य योजनाओं और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित पुस्तिकाओं का विमोचन किया गया। इसके साथ ही 10 बेडेड टेली-आईसीयू और HRIS पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया। इन डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने और मरीजों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
कॉन्क्लेव में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने भी हिस्सा लिया है। कार्यक्रम स्थल पर आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों और तकनीकों से संबंधित कई स्टॉल लगाए गए हैं, जहां स्वास्थ्य क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली नई तकनीकों और उपकरणों की जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर
उद्घाटन के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड पहली बार स्वास्थ्य और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में अपने पैरों पर खड़ा होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड को 26 साल में स्वास्थ्य के क्षेत्र में जहां पहुंचना चाहिए था, वहां वह नहीं पहुंच सका है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। कॉन्क्लेव के जरिए स्वास्थ्य क्षेत्र में इस्तेमाल हो रही नई तकनीकों और डिजिटल सुविधाओं पर भी चर्चा की जा रही है।
दो दिवसीय इस कॉन्क्लेव में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, संस्थानों और कंपनियों की भागीदारी के साथ डिजिटल हेल्थ से जुड़ी संभावनाओं और तकनीकी समाधानों पर चर्चा होगी।
