जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने फरार तीन आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की पहचान अजित मंडल, मोहन यादव और एक अज्ञात युवक के रूप में की गई है। तीसरे आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है, इसलिए उसकी तस्वीर जारी कर लोगों से पहचान में मदद की अपील की गई है।
ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
26 सितंबर को बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की थी। अब फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए उनकी तस्वीरें सार्वजनिक की गई हैं।
सूचना देने वालों की पहचान रखी जाएगी गोपनीय
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर इन तीनों आरोपियों के बारे में किसी को कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय या संबंधित पुलिस अधिकारियों को दें।
पुलिस के मुताबिक, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़े – जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद? डकैती के बाद अब दिनदहाड़े गोलीबारी
