रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कार्यकाल में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक 24 और 25 अक्टूबर को रांची में आयोजित होगी। बैठक के उद्घाटन के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 23 अक्टूबर की शाम विमान से झारखंड पहुंचेंगे। वह 24 अक्टूबर को उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे।
अमर कुमार बाउरी ने बताया कि दो दिवसीय बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कार्यकाल में अब तक आयोजित कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति और राज्य के मौजूदा राजनीतिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
राजनीतिक प्रस्ताव होगा पारित
बैठक के दौरान झारखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और जनहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श के साथ एक महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजनाओं की रूपरेखा तैयार करेगा।
संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भाजपा की परंपरा के अनुरूप संगठन के आंतरिक लोकतंत्र और संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य झारखंड में पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा जनसेवा के संकल्प को नई गति देना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की ताकत के माध्यम से झारखंड के विकास, जनहित और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ राज्य में पार्टी की भावी राजनीतिक रणनीति तय करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
