Friday, October 2

जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोड़ो गांव में गुरुवार को एक कुएं से सात कुत्तों के शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। एक ही स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में मृत जानवर मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में इसी घटना की चर्चा होने लगी।

घटना के बाद बोड़ो निवासी मोहम्मद फैजी आलम ने पचंबा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

अब तक इस सवाल का कोई स्पष्ट उत्तर सामने नहीं आया है कि सातों कुत्ते कुएं तक कैसे पहुंचे। क्या यह किसी हादसे का नतीजा है या इसके पीछे कोई और कारण है, इस पर फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। इन प्रश्नों के उत्तर पुलिस जांच के बाद ही मिल सकेंगे।

पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि इस संबंध में आवेदन प्राप्त हो चुका है और पुलिस शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की सत्यता की पड़ताल कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से बोड़ो और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन सबकी निगाहें अब पुलिस की जांच पर टिकी हैं। देखना यह है कि जांच में सात कुत्तों की मौत का वास्तविक कारण और शवों के कुएं में पहुंचने की पूरी कड़ी कब तक सामने आ पाती है।

Share.
Next Story
निरसा में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिठाकियारी से एक दर्जन से अधिक संदिग्ध हिरासत में
Exit mobile version