बोकारो: आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल, भव्य और गरिमामय बनाने को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान समारोह स्थल, परेड, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, चिकित्सा, पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं की क्रमवार जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी लंबित तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ समय पर पूरी की जाएं, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
पुलिस लाइन मैदान में होगा मुख्य समारोह
सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों की भी बैठक में समीक्षा की गई। मैदान के समतलीकरण, मोरम बिछाने, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के साथ-साथ समारोह स्थल की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण रखने का निर्देश दिया।
परेड और मार्च पास्ट की भी हुई समीक्षा
स्वतंत्रता दिवस समारोह में होने वाले परेड और मार्च पास्ट की तैयारियों पर भी विशेष चर्चा हुई। संबंधित पदाधिकारियों से प्लाटून की तैयारी और पूर्वाभ्यास की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने बेहतर अनुशासन और समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने समारोह के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और प्रवेश-निकास व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात प्रबंधन के लिए पहले से तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया।
साफ-सफाई और ध्वजारोहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
उपायुक्त ने समारोह स्थल के साथ-साथ सभी सरकारी कार्यालय परिसरों में विशेष साफ-सफाई कराने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप ध्वजारोहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में मंच, आमंत्रण, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बैठने की व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों की भी बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।
पूर्व संध्या के सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी तैयारी
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत संबंधित पदाधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, क्षेत्रीय उपनिदेशक जियाडा मनोज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा कुमार कनिष्क सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – बोकारो में सिकल सेल-थैलेसीमिया जांच को मिलेगी रफ्तार, 14 मशीनों से मजबूत होगी स्क्रीनिंग व्यवस्था
