रामगढ़: रामगढ़ थाना क्षेत्र की चुटूपालु घाटी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। एलपीजी गैस से लदे एक टैंकर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और टैंकर को सड़क किनारे सुरक्षित रोकने का प्रयास किया।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे चल रही दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद घाटी मार्ग पर आवागमन फिर से सुचारु कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त घाटी में वाहनों की आवाजाही सामान्य थी। जैसे ही टैंकर चालक ने ब्रेक फेल होने का संकेत दिया, आसपास चल रहे कई वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां धीमी कर दीं। हालांकि पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कारों में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर की तेज रफ्तार और सुरक्षित दूरी नहीं बनाए रखना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने ट्रेलर चालक से पूछताछ भी की है। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया, जिसके बाद यातायात पूरी तरह सामान्य हो सका।
चुटूपालु घाटी को झारखंड के सबसे संवेदनशील मार्गों में गिना जाता है, जहां तीखे मोड़ और लंबी ढलान होने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में भारी वाहनों की नियमित तकनीकी जांच, गति सीमा का सख्ती से पालन कराने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


