धनबाद: जिले में सरकारी जमीनों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन का अभियान जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को धैया मौजा में प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर करीब 2 एकड़ 16 डिसमिल सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर धनबाद अंचलाधिकारी रामप्रवेश कुमार के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार, धैया मौजा के खाता संख्या 96 और प्लॉट संख्या 1544 की करीब 2 एकड़ 16 डिसमिल जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया और जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों को दोबारा सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
धनबाद अंचलाधिकारी रामप्रवेश कुमार ने बताया कि डीसी के निर्देश पर जिले में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


