Friday, October 23

देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शामिल भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहकों के डेटा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बैंक ने 21 अक्टूबर 2026 को शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में बताया कि उसे कुछ डेटा के नुकसान से जुड़ी घटना का पता चला है। शुरुआती जांच में डार्क वेब पर उपलब्ध करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की समीक्षा की गई, जिनमें 3,897 रिकॉर्ड में ग्राहकों की व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी पाई गई।

इस घटना ने बैंकिंग क्षेत्र में साइबर सुरक्षा और ग्राहकों की निजी जानकारी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह डेटा बाहर पहुंचा कैसे और क्या इसका इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जा सकता है?

आखिर SBI ग्राहकों का कौन-सा डेटा उजागर हुआ?

रिपोर्टों के अनुसार, शुरुआती जांच में पहचाने गए रिकॉर्ड में ग्राहकों के नाम, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, ईमेल आईडी और आवासीय पते जैसी जानकारियां शामिल थीं। इसके अलावा बैंक शाखा और ग्राहक पहचान से जुड़े कुछ विवरण तथा लोन और अन्य संबंधित रिकॉर्ड का मेटाडेटा भी उजागर हुई जानकारी में शामिल बताया गया है।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि डार्क वेब पर मौजूद बाकी रिकॉर्ड में क्या जानकारी है और उनमें से कितने रिकॉर्ड वास्तव में SBI ग्राहकों से संबंधित हैं। इसलिए पूरे 3.75 लाख रिकॉर्ड को SBI ग्राहकों का सत्यापित डेटा मानना सही नहीं होगा।

आखिर कहां हुई चूक? बैंक की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल !

SBI के मुताबिक, बैंक को 16 अक्टूबर को अपने थ्रेट इंटेलिजेंस सेवा प्रदाता, डिफेंस साइबर एजेंसी और भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) से इस मामले के संबंध में सूचना मिली थी।

इसके बाद बैंक ने साइबर घटना से निपटने की प्रक्रिया सक्रिय की और मामले की विस्तृत जांच के लिए CERT-In से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को नियुक्त किया। फिलहाल बैंक ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि डेटा किस रास्ते से बाहर पहुंचा। क्या यह किसी तकनीकी खामी का परिणाम था, किसी बाहरी सेवा प्रदाता से जुड़ा मामला था या किसी अन्य कारण से ऐसा हुआ ?

क्या ग्राहकों के बैंक खाते से निकल सकते हैं पैसे ?

डेटा उजागर होने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों के बैंक खातों से पैसे भी चोरी हो गए हैं। SBI ने कहा है कि इस घटना का उसके मुख्य बैंकिंग परिचालन, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबार की निरंतरता पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है। हालांकि, इस बयान से यह साबित नहीं होता कि प्रभावित ग्राहकों के लिए धोखाधड़ी का कोई जोखिम नहीं है।

मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, पता और लोन से संबंधित जानकारी का इस्तेमाल करके साइबर अपराधी बैंक अधिकारी बनकर फोन कर सकते हैं। वे KYC अपडेट, लोन मंजूरी, खाते को ब्लॉक करने या संदिग्ध लेनदेन के नाम पर लोगों को डराकर संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।

ग्राहकों को अभी क्या करना चाहिए?

इस तरह की घटना के बाद सतर्क रहना बेहद जरूरी है। SBI ग्राहक कुछ सावधानियां अपनाकर संभावित जोखिम कम कर सकते हैं।

OTP और PIN साझा न करें: बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले किसी व्यक्ति को OTP, ATM PIN या इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड न बताएं।

संदिग्ध लिंक से बचें: SMS, WhatsApp या ईमेल से आए अनजान लिंक पर क्लिक करके बैंकिंग जानकारी दर्ज न करें।

खाते पर नजर रखें: बैंक स्टेटमेंट और लेनदेन की नियमित जांच करें। किसी भी अनजान लेनदेन पर तुरंत बैंक से संपर्क करें।

KYC के नाम पर सावधान रहें: फोन पर किसी को पासवर्ड, कार्ड की जानकारी या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति न दें।

ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें: वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर 1930 हेल्पलाइन या आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

प्रभावित ग्राहकों को जानकारी कब मिलेगी?

इस घटना के बाद ग्राहकों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या बैंक प्रभावित लोगों को सीधे सूचना देगा और वे कैसे पता लगा सकेंगे कि उनका डेटा भी उजागर हुआ है या नहीं।

21 अक्टूबर की रिपोर्टों के अनुसार, बैंक ने मामले की जांच के लिए स्वतंत्र एजेंसी नियुक्त की थी। उपलब्ध जानकारी में सभी प्रभावित ग्राहकों को सीधे सूचित किए जाने या उनके लिए डेटा जांचने की विशेष सुविधा शुरू किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए फिलहाल जरूरी है कि ग्राहक अफवाहों से बचें, केवल बैंक के आधिकारिक माध्यमों से मिली जानकारी पर भरोसा करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश को गंभीरता से लें।

इसे भी पढ़े: बांग्लादेशी लड़कियों की तस्करी के मामले में ED की कार्रवाई, रांची के माइकल तिर्की और पत्नी की करोड़ों की संपत्ति  जब्त

 

Share.
Next Story
कांके में हुई डकैती का हुआ खुलासा, 14 में से 6 आरोपी गिरफ्तार
Exit mobile version