रांची: पलामू के पूर्व सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर झारखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की। मंगलवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय तक पार्टी के लिए काम करने वाले नेता को संवैधानिक पद की जिम्मेदारी मिलना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है।
मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ता जितेंद्र कुमार ने कहा कि ब्रजमोहन राम ने एक साधारण और गरीब दलित परिवार से निकलकर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई है। वह पलामू से तीन बार सांसद और दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्हें राज्यपाल बनाए जाने से पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
अमर बाउरी ने बताया दलित समाज के लिए गौरव का क्षण…
भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने भी नियुक्ति पर प्रसन्नता जताते हुए इसे झारखंड और दलित समाज के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि ब्रजमोहन राम लंबे समय से संगठन और जनता के बीच सक्रिय रहे हैं। ऐसे नेता को राज्यपाल की जिम्मेदारी मिलना कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है।
बाउरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, निष्ठा और जनसेवा के दम पर बड़े संवैधानिक पद तक पहुंच सकता है। उनके मुताबिक, यह नियुक्ति समाज के वंचित वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
इस दौरान अमर बाउरी ने कांग्रेस पर दलित समाज को वोट बैंक तक सीमित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को सम्मान और नेतृत्व के अवसर दिए जा रहे हैं। बाउरी ने ब्रजमोहन राम की नियुक्ति को इसी सोच का उदाहरण बताते हुए कहा कि इससे युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में बाउरी ने ब्रजमोहन राम को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल और ओडिशा की प्रगति की कामना की। रांची में हुए इस जश्न के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने नियुक्ति को झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधित्व से जोड़कर देखा।
इसे भी पढ़े – 6 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति, ओम प्रकाश माथुर को केरलम तो दुष्यंत गौतम को सिक्किम की जिम्मेदारी
