राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल को मंजूरी दी है। इस बदलाव के तहत सिक्किम के राज्यपाल रहे ओम प्रकाश माथुर को केरलम भेजा गया है, जबकि केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर अब तमिलनाडु के राज्यपाल होंगे। इसके अलावा ओडिशा, कर्नाटक और उत्तराखंड में नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है।
किस राज्य में किसे मिली जिम्मेदारी?
राष्ट्रपति की ओर से की गई नियुक्तियों के अनुसार:
- केरलम: ओम प्रकाश माथुर
- तमिलनाडु: राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर
- ओडिशा: ब्रज मोहन राम
- कर्नाटक: डॉ. सुधा यादव
- उत्तराखंड: डॉ. ढाल सिंह बिसेन
- सिक्किम: दुष्यंत गौतम
बिहार विधानसभा से लोकसभा तक रहा बृज मोहन राम का राजनीतिक सफर
बृज मोहन राम भाजपा के वरिष्ठ नेता और पलामू के पूर्व सांसद हैं। उनका जन्म 1 जनवरी 1958 को तत्कालीन बिहार के पलामू क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में कार्य किया। इसके बाद 1996 से 2004 तक पलामू लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। अब उन्हें ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
दो राज्यपालों का तबादला, चार नई नियुक्तियां
इस फेरबदल में ओम प्रकाश माथुर और राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माथुर पहले सिक्किम के राज्यपाल थे, जबकि आर्लेकर केरलम के राज्यपाल के पद पर कार्यरत थे। अब माथुर केरलम और आर्लेकर तमिलनाडु की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
राज्यपालों की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है। नई नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों के अपने-अपने पद का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।
