Tuesday, October 13

धनबाद / रांची : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। सोमवार को न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बिगाड़ने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

बड़े पूजा पंडालों में CCTV से होगी निगरानी

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बताया कि शहर के सभी बड़े पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की निगरानी के लिए मॉनिटरिंग रूम बनाया जाएगा, जहां पुलिसकर्मियों के साथ पूजा समितियों के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा भीड़ के बीच सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

प्रशासन ने प्रत्येक पूजा समिति से 50-50 वॉलंटियर रखने की अपील की है। ये वॉलंटियर भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करेंगे।

अष्टमी से दशमी तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

दुर्गा पूजा के दौरान शहर में भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। अष्टमी से दशमी तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। इसके साथ ही कुछ मार्गों पर हल्के वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित की जाएगी, ताकि लोग आसानी से पैदल पूजा पंडालों और मेले तक पहुंच सकें।

वहीं, सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करेगा नगर निगम

धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह ने कहा कि शांति समिति की बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। प्रशासन ने इन बिंदुओं को गंभीरता से लिया है।

उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से विशेष तैयारियां की जाएंगी। पूजा पंडालों के आसपास सफाई अभियान चलाया जाएगा, सड़कों के गड्ढों को भरा जाएगा और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था को भी दुरुस्त करने पर जोर दिया जाएगा।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया हिस्सा

न्यू टाउन हॉल में आयोजित बैठक में जिले के कई विधायक, महापौर संजीव सिंह, नगर आयुक्त, एसएसपी प्रभात कुमार, शांति समिति के सदस्य और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान शांति बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।

प्रशासन का लक्ष्य है कि धनबाद में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा और मेले का आनंद ले सकें।

Share.
Next Story
चतरा में हथियार और 54 जिंदा गोलियों के साथ टीएसपीसी का कथित समर्थक गिरफ्तार
Exit mobile version