Thursday, November 26

कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर चलाया गया विशेष अभियान, सहायक कमांडेंट मनोहर बरवाहा के नेतृत्व में CISF की टीम ने की कार्रवाई

खलारी। CCL के NK और पिपरवार क्षेत्र में अवैध कोयला खनन एवं तस्करी पर लगाम लगाने के लिए CISF ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में 26 नवंबर को रोहिणी क्षेत्र के दमदमिया बाजार टांड़ स्थित पुरानी PLR माइंस में छापेमारी कर करीब 2.15 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया।

CISF कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट मनोहर बरवाहा ने किया। कोल रेड पार्टी ने माइंस परिसर में सर्च ऑपरेशन के दौरान अवैध खनन स्थल का पता लगाया। जांच के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में कोयला बरामद हुआ, जिसे CISF ने जब्त कर लिया।

कार्रवाई के बाद बरामद कोयले को हटाने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए CCL प्रबंधन को सूचना दी गई। इस दौरान CCL के सिक्योरिटी इंचार्ज सह ASO नीतीश झा अपनी सुरक्षा टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। CCL प्रबंधन ने जब्त कोयले को हटाने की कार्रवाई पर सहमति जताई। प्रबंधन के अनुसार बरामद 2.15 मीट्रिक टन कोयले का मूल्य 1,130 रुपये प्रति मीट्रिक टन की दर से कुल 2,429.50 रुपये आंका गया है।

इस अभियान में निरीक्षक (कार्य) रूपेश कुमार सिंह, निरीक्षक (कार्य) पंकज झा, CCL के सिक्योरिटी इंचार्ज सह ASO नीतीश झा समेत CISF की कोल रेड टीम के अन्य जवान शामिल थे।

CISF अधिकारियों के निर्देश पर NK और पिपरवार क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, निकासी और भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कोयले की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और CCL की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Share.
Next Story
झारखंड की मेजबानी में 70वीं राष्ट्रीय स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता शुरू, 39 राज्यों के खिलाड़ी दिखा रहे दम
Exit mobile version