Thursday, November 26

 नेवल एयर ऑपरेशंस ऑफिसर के पद पर हुआ चयन, परिवार की चौथी पीढ़ी के रूप में करेंगी देश की सेवा; 28 दिसंबर को भारतीय नौसेना अकादमी में देंगी योगदान

रामगढ़। झारखंड की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा और मेहनत से सफलता के नए मुकाम हासिल कर रही हैं। इसी कड़ी में रामगढ़ की सपना शर्मा ने भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होकर राज्य का गौरव बढ़ाया है। रामगढ़ के बिजुलिया आदर्शनगर की रहने वाली सपना का चयन शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) के तहत नेवल एयर ऑपरेशंस ऑफिसर के रूप में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पहले ही प्रयास में पार की SSB की कठिन चयन प्रक्रिया

सपना शर्मा की सफलता इसलिए भी उल्लेखनीय है, क्योंकि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (SSB) की चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि को युवाओं, खासकर बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है। मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।

28 दिसंबर को भारतीय नौसेना अकादमी में करेंगी रिपोर्ट

चयन के बाद सपना को केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी (INA) में प्रशिक्षण के लिए रिपोर्ट करना है। नौसेना मुख्यालय की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, उन्हें जनवरी 2027 बैच के लिए 28 दिसंबर 2026 को अकादमी पहुंचने का निर्देश दिया गया है। यहां वह नौसेना अधिकारी के रूप में अपना प्रशिक्षण पूरा करेंगी।

परिवार में पीढ़ियों से चली आ रही है देशसेवा की परंपरा

सपना शर्मा की उपलब्धि परिवार के लिए भी बेहद खास है। वह अपने परिवार की चौथी पीढ़ी होंगी, जो भारतीय सशस्त्र सेना से जुड़कर देश की सेवा करेंगी। परिवार में देशसेवा की शुरुआत उनके परदादा स्वर्गीय त्रिवेणी शर्मा से हुई थी। इसके बाद उनके दादा रविंद्र शर्मा और दादा के बड़े भाई राजेंद्र शर्मा ने भी भारतीय सेना में सेवाएं दीं। उनके दादा रविंद्र शर्मा वर्ष 1993 में सेना से सेवानिवृत्त हुए थे।

सपना के चयन के साथ ही परिवार की देशसेवा की यह परंपरा एक नई पीढ़ी तक पहुंच गई है। उनकी सफलता ने रामगढ़ सहित पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है।

 

Share.
Next Story
संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिबिंब: डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा
Exit mobile version