2 नवंबर को रांची में ई-कोर्ट्स से जुड़ी कई परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत, देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद पहुंचेंगे राजधानी

रांची। झारखंड की न्यायिक व्यवस्था को तकनीक के लिहाज से एक नई दिशा मिलने जा रही है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत 2 नवंबर को झारखंड हाई कोर्ट में अत्याधुनिक डाटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही अदालतों के कामकाज को डिजिटल और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई ई-प्रोजेक्ट्स की भी शुरुआत की जाएगी। मुख्य न्यायाधीश बनने के बाद जस्टिस सूर्यकांत का यह पहला झारखंड दौरा होगा। उनके आगमन को लेकर हाई कोर्ट और न्यायिक प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
दो दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रहे सीजेआई का कार्यक्रम धार्मिक और न्यायिक गतिविधियों से जुड़ा रहेगा। वह 2 नवंबर को दिल्ली से विमान के जरिए देवघर पहुंचेंगे। यहां बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। देवघर में कार्यक्रम पूरा करने के बाद शाम को रांची पहुंचेंगे।
डिजिटल तकनीक से बदलेगी अदालतों की कार्यप्रणाली
रांची में सीजेआई का मुख्य कार्यक्रम झारखंड हाई कोर्ट परिसर में होगा। यहां वह डाटा सेंटर का उद्घाटन करने के साथ कई ई-प्रोजेक्ट्स को लॉन्च करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का विस्तार करना और अदालतों के कामकाज को अधिक पारदर्शी, सुगम और प्रभावी बनाना है। डाटा सेंटर और ई-प्रोजेक्ट्स के माध्यम से न्यायिक व्यवस्था में तकनीकी संसाधनों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस अपरेश कुमार सिंह और जस्टिस एस. चंद्रशेखर के अलावा झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक सहित अन्य न्यायाधीश मौजूद रहेंगे।
16 न्यायिक अधिकारियों को सौंपी गई कार्यक्रम की जिम्मेदारी
सीजेआई के दौरे को लेकर झारखंड हाई कोर्ट प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार (एडमिनिस्ट्रेशन) विश्वनाथ शुक्ला ने आधिकारिक पत्र जारी कर 16 न्यायिक अधिकारियों को कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें सीबीआई और एसीबी की विशेष अदालतों, फैमिली कोर्ट, पॉक्सो कोर्ट तथा सिविल एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
नामित अधिकारियों में अतिरिक्त न्यायिक आयुक्त योगेश कुमार, देबाशीष महापात्र, ओंकार नाथ चौधरी, अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश सौमेंद्र नाथ सिकदर, पॉक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और अतिरिक्त न्यायिक आयुक्त पवन कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं।
शाम छह बजे हाई कोर्ट परिसर में देनी होगी रिपोर्ट
जारी निर्देश के अनुसार सभी नामित न्यायिक अधिकारियों को 2 नवंबर 2026 को शाम छह बजे झारखंड हाई कोर्ट परिसर में उपस्थित होना होगा। अधिकारियों को हाई कोर्ट के सेंट्रल प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, ई-कोर्ट्स प्रोजेक्ट के समक्ष रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य उद्घाटन और ई-प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग के दौरान सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखना है।
जस्टिस सूर्यकांत 2 नवंबर की रात रांची में ही रुकेंगे। इसके बाद 3 नवंबर को राजधानी में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। दो दिवसीय झारखंड दौरा पूरा करने के बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।


