साहेबगंज, 21 अगस्त 2026। साहेबगंज जिले के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सोती चौकी पांगड़ो में शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को लेकर छात्रों की शिकायत सामने आई है। छात्रों का आरोप है कि स्कूल में आवश्यक सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर हाल में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने जिला समाहरणालय के सामने धरना भी दिया था। छात्रों की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि परीक्षा के दौरान उन्हें प्रश्नपत्र तक उपलब्ध नहीं कराया गया। घटना के बाद स्कूल की व्यवस्था को लेकर छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी की बात सामने आई।
सीजेपी की टीम ने स्कूल पहुंचकर लिया जायजा
छात्रों की शिकायत के बाद कोकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपने ‘स्कूल ठीक करो आंदोलन’ के तहत प्रतिनिधिमंडल को विद्यालय भेजा। टीम ने स्कूल पहुंचकर छात्र-छात्राओं और स्कूल प्रबंधन से बातचीत की और वहां की स्थिति की जानकारी ली।
सीजेपी के झारखंड कोऑर्डिनेटर आशुतोष रंजन ने कहा कि स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर बच्चों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते प्रशासन ने समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
स्कूल प्रबंधन ने दिया जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन
निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से छात्रों को जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। वहीं, सीजेपी कार्यकर्ता वीरू ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें अपने संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी और अपनी समस्याओं को उचित मंच पर रखने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान पार्टी की पूजा यादव, राजकुमार दास और सूरज हाजदा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशासन से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
सीजेपी ने जिला प्रशासन से स्कूल में पठन-पाठन की व्यवस्था बेहतर करने, पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और छात्रों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
पार्टी का कहना है कि शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान होना जरूरी है, ताकि सुविधाओं की कमी का असर छात्रों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर न पड़े।
इसे भी पढ़े – छाताबाद में फिर धंसी धरती, देखते ही देखते जमींदोज हुए 10 मकान


