धनबाद: जिले के निरसा क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबारियों और तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सुरक्षाबल भी उनके निशाने पर हैं। गुरुवार की देर शाम कोयला तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर लौट रही सीआईएसएफ (CISF) और ईसीएल (ECL) की संयुक्त सुरक्षा टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया। इस घटना में हमलावरों ने सुरक्षा टीम के वाहन में जमकर तोड़फोड़ की और जब्त की गई एक मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम CISF और ECL की संयुक्त टीम ने निरसा स्थित राजा कोलियरी क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। इस अभियान के दौरान टीम ने अवैध खनन के 24 मुहानों की डोजरिंग कर उन्हें बंद कराया था। साथ ही, मौके से चोरी का कोयला ढोने में इस्तेमाल होने वाली दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया था।
कार्रवाई पूरी करने के बाद जवान दोनों जब्त बाइकों को एक ट्रैक्टर पर लादकर निरसा थाना ले जा रहे थे। इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के समीप जंगल में पहले से घात लगाकर बैठे 8 से 10 की संख्या में हमलावरों ने टीम को घेर लिया और पत्थरबाजी शुरू कर दी। हमलावरों ने जवानों को ले जा रही बोलेरो गाड़ी में तोड़फोड़ की और ट्रैक्टर पर लदी एक जब्त बाइक छीनकर भाग निकले।
अतिरिक्त बल पहुंचने से टला बड़ा हादसा
तस्कर दूसरी जब्त मोटरसाइकिल भी ले जाने की फिराक में थे, लेकिन इसी बीच सूचना मिलने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। जवानों को आता देख हमलावर दूसरी बाइक जंगल में ही छोड़कर फरार हो गए, जिसे बाद में सुरक्षा टीम ने बरामद कर लिया। अतिरिक्त जवानों के समय पर पहुंचने के कारण बोलेरो चालक और उसमें सवार दो जवान बाल-बाल बच गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद बोलेरो वाहन के मालिक सह चालक लाल बहादुर प्रसाद ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जब दिनदहाड़े हथियारबंद और बेखौफ तस्कर सुरक्षा जवानों पर हमला कर सकते हैं, तो आम चालकों और ईसीएल कर्मचारियों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
पुलिस का बयान पूरे मामले पर निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो ने बताया कि CISF की टीम जब्त मोटरसाइकिलों को लेकर लौट रही थी, तभी 8-10 युवकों ने पत्थरबाजी कर एक बाइक छीन ली। उन्होंने कहा कि CISF की ओर से इस संबंध में लिखित शिकायत दी जा रही है, जिसके आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
