चतरा। NTPC के उत्तरी कर्णपुरा मेगा विद्युत ताप परियोजना परिसर में हुए हादसे के बाद मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर करीब दस घंटे तक चला गतिरोध गुरुवार को समाप्त हो गया। जनप्रतिनिधियों, NTPC प्रबंधन और प्रशासन के बीच हुई वार्ता में मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा, बीमा राशि का भुगतान और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
समझौते के तहत तीनों मृतकों के परिवारों को 50 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा बीमा की राशि भी अलग से मिलेगी। प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी है। वहीं हादसे में घायल मजदूरों के इलाज का पूरा खर्च NTPC प्रबंधन उठाएगा। प्रबंधन ने घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन भी दिया है।
मुआवजे और अन्य मांगों पर सहमति बनने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का विरोध समाप्त हुआ। वार्ता में विधायक कुमार उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन कुमार दास, झामुमो जिला अध्यक्ष नीलेश ज्ञाशेन समेत अन्य जनप्रतिनिधि, NTPC अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। विधायक कुमार उज्ज्वल दास ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि वार्ता में तय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
गौरतलब है कि बुधवार को NTPC के निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का भारी हिस्सा गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि दो मजदूर घायल हो गए थे। मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के गाड़ीलौंग निवासी त्रिलोकी सोनी के पुत्र राजू सोनी, बड़कागांव के धामोडीह निवासी रामेश्वर पासवान के पुत्र बालेश्वर पासवान और पटना के बुरहानपुर निवासी मुंद्रिका सिंह के पुत्र बबलू सिंह के रूप में हुई है।
घायलों में टंडवा के गोंदा निवासी तिलक गंझू और औरंगाबाद निवासी रंजीत यादव शामिल हैं। हादसे के बाद मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर परिजन व स्थानीय लोग शव उठाने नहीं दे रहे थे। करीब दस घंटे तक चली वार्ता के बाद सहमति बनने पर शवों को उठाया गया और आगे की प्रक्रिया पूरी की गई।
इसे भी पढ़े – NTPC में मजदूरों की मौत का इंतजार करते हैं सुरक्षा अधिकारी? 5 जानें गईं, अब याद आएंगे सेफ्टी के नियम!


